Ind vs SA: कोहली की सेंचुरी बेकार! साउथ अफ्रीका ने 359 रन चेज कर जीत दर्ज की

Ind vs SA: रायपुर में खेले गए दूसरे वनडे मैच ने रोमांच की सारी हदें पार कर दीं। साउथ अफ्रीका ने 359 रन के विशाल लक्ष्य को 4 विकेट से चेज कर भारत को हराया और तीन मैचों की सीरीज 1-1 से बराबर कर ली।

भारत में वनडे में यह साउथ अफ्रीका का सबसे बड़ा रनचेज है। इससे पहले 2019 में ऑस्ट्रेलिया ने 350+ रन का पीछा करते हुए भारत में रिकॉर्ड बनाया था।

शुरुआत खराब, लेकिन बल्ले से किया शानदार जवाब

लक्ष्य का पीछा करते हुए साउथ अफ्रीका की शुरुआत अच्छी नहीं रही। क्विंटन डी कॉक मात्र 8 रन पर आउट हो गए।

इसके बाद कप्तान टेंबा बावूमा और एडन मार्करम ने टीम को संभालते हुए 101 रन की अहम पार्टनरशिप की। बावूमा 46 रन बनाकर आउट हुए, जबकि मार्करम ने शानदार 110 रन की पारी खेली और मैच की दिशा बदल दी।

ब्रेविस–बीट्ज़के ने बढ़ाया स्कोर, अंत में बॉश–महाराज ने दिलाई जीत

मार्करम के आउट होने के बाद ब्रेविस और मैथ्यू बीट्ज़के ने 92 रन की साझेदारी कर भारत पर दबाव बढ़ा दिया। ब्रेविस 54 रन बनाकर आउट हुए, जबकि बीट्ज़के 68 रन पर LBW हुए।

आखिरी ओवरों में मैच रोमांचक मोड़ पर था। टोनी डी जोर्जी पैर में खिंचाव के कारण रिटायर्ड हर्ट होकर चले गए।

इस मुश्किल समय में कर्बिन बॉश और केशव महाराज ने धैर्य से खेलते हुए टीम को 4 विकेट से शानदार जीत दिलाई।

शुरूआती विकेट जल्दी गिरे

टॉस हारकर भारत पहले बल्लेबाजी करने उतरा। भारत की शुरुआत अच्छी थी, लेकिन रोहित शर्मा (14) और यशस्वी जायसवाल (22) जल्दी आउट हो गए।

कोहली का 53वां शतक, गायकवाड़ का पहला वनडे टन

इसके बाद विराट कोहली और ऋतुराज गायकवाड़ ने भारत की पारी को मजबूती दी। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 195 रन की सबसे बड़ी साझेदारी निभाई।

गायकवाड़ ने करियर का पहला वनडे शतक लगाया, जबकि कोहली ने बैक–टू–बैक सेंचुरी लगाते हुए अपने वनडे करियर का 53वां शतक पूरा किया।

कोहली 102 रन बनाकर आउट हुए। वॉशिंगटन सुंदर 1 रन पर रन आउट हुए।

राहुल–जडेजा की नाबाद पार्टनरशिप

कप्तान केएल राहुल ने शानदार 66 रन बनाए और जडेजा 24 रन पर नाबाद रहे। दोनों ने पारी के अंत में 69 रन जोड़कर स्कोर 358/5 तक पहुंचाया।

बॉलिंग में एनगिडी और बर्गर ने 1-1 विकेट लिया, जबकि मार्को यान्सन ने 2 विकेट हासिल किए।

Youthwings