अवैध प्रवासियों की पहचान करवाने पर यहां की बार का अनोखा ऑफर – मिलेगा अनलिमिटेड ‘फ्री बीयर’

अमेरिका। आइडाहो राज्य के ईगल शहर के एक बार ने अवैध प्रवासियों की पहचान करवाने वालों को एक महीने की मुफ्त बीयर देने की अनोखी पेशकश की है। इस ऑफर ने सोशल मीडिया पर तूफान ला दिया है और अमेरिकी गृह सुरक्षा मंत्रालय (DHS) ने भी इस पर हैरानी भरी प्रतिक्रिया दी है।

 

बार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए लिखा, “यदि कोई व्यक्ति ICE (अमेरिकी आव्रजन और सीमा शुल्क प्रवर्तन) की मदद से आइडाहो में किसी अवैध अप्रवासी की पहचान करवाता है और उसे देश से निर्वासित करवाने में सफल होता है, तो उसे पूरे एक महीने तक अनलिमिटेड फ्री बीयर मिलेगी।”

 

यह पोस्ट वायरल होने के बाद यूजर्स ने इसे “गेम” बताते हुए “डिपोर्टर लीडरबोर्ड” और “डिपोर्टर ऑफ द ईयर” अवार्ड जैसे सुझाव दिए। कुछ ने विजेता को जीवनभर फ्री बीयर देने की मांग भी की।

 

अमेरिकी गृह सुरक्षा मंत्रालय ने भी इस पोस्ट को रीपोस्ट करते हुए एक हैरानी भरा GIF शेयर किया, जिस पर बार ने “Love it!” लिखकर जवाब दिया।

 

यह घटना ऐसे समय में सामने आई है जब राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने अपने दूसरे कार्यकाल में आव्रजन नीतियों को और सख्त बना दिया है। ट्रम्प ने हाल ही में कहा था कि वह ‘थर्ड वर्ल्ड देशों’ से आने वाले शरणार्थियों पर प्रतिबंध लगाएंगे और गैर-नागरिकों को सरकारी सुविधाएं देने पर रोक लगा देंगे। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, 15 नवंबर तक लगभग 53,000 अप्रवासियों को हिरासत में लिया जा चुका है।

 

यह बार पिछले साल भी “हेटरोसेक्शुअल अवेयरनेस मंथ” घोषित करके विवादों में आ चुका है, जब उसने केवल विषमलिंगी लोगों को ही विशेष ऑफर दिया था।

Youthwings