चक्रवात ‘दितवाह’ ने तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश में मचाई तबाही, 5 लोगों की मौत, हज़ारों हेक्टेयर फसल डूबी
चेन्नई। श्रीलंका में तबाही मचाने के बाद चक्रवात ‘दितवाह’ ने रविवार को भारत के तटीय इलाकों में दस्तक दे दी। तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश में इसने भारी बारिश और तेज हवाओं का कहर बरपाया, जिसमें अब तक पांच लोगों की मौत की पुष्टि हुई है और हज़ारों हेक्टेयर फसल बर्बाद हो गई है।
तमिलनाडु के रामनाथपुरम और नागापट्टिनम जिले सबसे अधिक प्रभावित हुए हैं। राज्य सरकार के मंत्री के. रामचंद्रन ने बताया कि तटीय इलाकों में 234 झोपड़ियों और कच्चे मकानों को नुकसान पहुंचा है, 149 पशुओं की मौत हुई है और लगभग 57,000 हेक्टेयर कृषि भूमि पानी में डूब चुकी है।
मौत के मामलों में तूतीकोरिन और तंजावुर में दीवार गिरने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि मयिलादुथुराई में बिजली के करंट लगने से एक 20 वर्षीय युवक की जान चली गई।
भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने तमिलनाडु, पुडुचेरी और आंध्र प्रदेश के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की 28 से अधिक टीमों के अलावा महाराष्ट्र और गुजरात से 10 अतिरिक्त एनडीआरएफ टीमें राहत कार्यों के लिए तैनात की गई हैं।
तमिलनाडु में भारी बारिश के कारण 54 उड़ानें रद्द कर दी गई हैं, जबकि पुडुचेरी केंद्रीय विश्वविद्यालय ने सभी परीक्षाएं स्थगित कर दी हैं। प्रशासन ने तटीय इलाकों के निवासियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का अभियान शुरू किया है और मछुआरों को समुद्र में न जाने की चेतावनी दी गई है।
