‘चंगाई सभा’ को लेकर हंगामा, पुलिस ने संभाला मोर्चा
कवर्धा। कवर्धा के रविदास नगर इलाके में रविवार को एक निजी मकान में आयोजित प्रार्थना सभा को लेकर विवाद खड़ा हो गया, जिसके बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, जैसे ही हिंदू संगठन के कुछ सदस्यों को इस सभा की जानकारी मिली, वे मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच हंगामे की स्थिति पैदा हो गई।
तनाव की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और बीच-बचाव करके स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने सभी पक्षों को शांत रहने की अपील की और भीड़ को विसर्जित कराया।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि पिछले कुछ रविवार से इस मकान में ‘चंगाई सभा’ के नाम से प्रार्थना सभा आयोजित की जा रही थी, जिसमें आसपास के इलाकों से लगभग 100 पुरुषों, महिलाओं और बच्चों की उपस्थिति रहती थी।
फिलहाल, पुलिस इस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और सभा के आयोजकों से पूछताछ जारी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शहर में शांति-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
