भूपेश बघेल के ‘मोदी तुलना’ बयान पर वित्त मंत्री ओपी चौधरी का पलटवार, कांग्रेस कार्यकाल के घोटालों का किया हवाला

रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपनी तुलना किए जाने पर वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने सख्त प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस शासनकाल में हुए घोटालों की सूची पेश कर दी है।

 

यह विवाद तब शुरू हुआ जब भूपेश बघेल ने एक इंटरव्यू में कहा, “मैं नरेंद्र मोदी जी जैसे व्यक्ति से अपनी तुलना नहीं चाहता। मैं 10 बार मरना पसंद करूंगा, लेकिन मोदी नहीं बनना चाहूंगा।”

 

वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने इस पर तीखा जवाब देते हुए कहा, “भूपेश जी ने ठीक कहा – प्रधानमंत्री मोदी से उनकी तुलना हो ही नहीं सकती।” चौधरी ने आरोप लगाया, “माताओं-बहनों को 500 रुपए देने का झूठ बोला, शराबबंदी का वादा करके शराब घोटाला किया, PSC में माफियाराज चलाया, धान-चावल और गोबर तक में घोटाले किए।”

 

मंत्री ने आगे कहा, “जनता ने हर जगह आपको बाहर का रास्ता दिखा दिया, फिर भी समझ नहीं आ रहा। 140 करोड़ भारतीयों ने जिस प्रधानमंत्री को चुना है, उनके बारे में आपकी भाषा को देश कभी माफ नहीं करेगा।”

 

उल्लेखनीय है कि भूपेश बघेल ने अपने बयान में कहा था कि वह “कभी झूठ बोलकर राजनीति नहीं करते”, जिसके जवाब में वित्त मंत्री ने कांग्रेस शासनकाल के कथित घोटालों का हवाला देकर पलटवार किया है। यह टकराव छत्तीसगढ़ में सत्तारूढ़ भाजपा और विपक्षी कांग्रेस के बीच चल रहे राजनीतिक वाद-विवाद को और तेज करता दिख रहा है।

Youthwings