CM विष्णुदेव साय की तस्वीर के साथ अभद्रता… भाजपा युवा मोर्चा ने थाना घेरा, कांग्रेस नेताओं पर FIR
बिलासपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की तस्वीर के साथ कथित अभद्रता का मामला तूल पकड़ गया है। शुक्रवार को भाजपा युवा मोर्चा ने इसका ती जोरदार विरोध किया। पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल के निवास से सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने रैली निकाली और सिविल लाइन थाना पहुंचकर घेराव किया। कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और तत्काल कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन सौंपते हुए युवा मोर्चा नेताओं ने चेतावनी दी कि अगर दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
पुलिस ने शिकायत मिलते ही तुरंत एक्शन लिया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष विजय केशरवानी, शहर जिलाध्यक्ष विजय पांडेय सहित अन्य नेताओं के खिलाफ सिविल लाइन थाने में FIR दर्ज कर ली गई है। उन पर भादवि की धारा 190, 191(2), 126(2), 352 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
गुरुवार को कांग्रेस का प्रदर्शन बना विवाद की वजह
दरअसल, गुरुवार को कांग्रेस ने बिलासपुर की जनसमस्याओं को लेकर नेहरू चौक से कलेक्टर कार्यालय तक विशाल रैली निकाली थी। इस दौरान सड़क जाम, बिजली बिल में अनियमितता, धान खरीदी में अव्यवस्था और रजिस्ट्री में देरी जैसे मुद्दे प्रमुख थे। कलेक्टर कार्यालय घेराव के दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की व झड़प भी हुई। इसी प्रदर्शन के दौरान मुख्यमंत्री की तस्वीर के साथ कथित अभद्रता का मामला सामने आया, जिसे भाजपा ने बेहद गंभीरता से लिया।
भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष ने कहा, “मुख्यमंत्री का अपमान पूरे छत्तीसगढ़ की जनता का अपमान है। कांग्रेस ने अपनी हार की कुंठा में यह नीच हरकत की है। दोषियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए।”
