India vs South Africa: रांची में इंडिया vs साउथ अफ्रीका वनडे, 3 साल बाद होगी भिड़ंत, स्टेडियम में प्रवेश सुबह 10:30 बजे से
India vs South Africa: रांची का जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम कल एक बार फिर भारत और दक्षिण अफ्रीका के हाई-वोल्टेज वनडे मुकाबले की मेज़बानी करेगा। पिछले मुकाबले की बात करें तो अक्टूबर 2022 में इसी मैदान पर भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 7 विकेट से हराया था। तीन साल बाद, 30 नवंबर को दोनों टीमें फिर आमने-सामने होंगी।
जेएससीए प्रशासन ने मैच के लिए तैयारियां पूरी कर ली हैं, लेकिन पार्किंग जैसी प्रशासनिक चुनौतियां अभी भी बनी हुई हैं। स्टेडियम में दर्शकों का प्रवेश सुबह 10:30 बजे से शुरू होगा। अनुमान है कि इस मैच में लगभग 35,000 क्रिकेट प्रेमी शामिल होंगे।
पिछले मैचों की तरह, इस बार भी पार्किंग को लेकर कोई आधिकारिक व्यवस्था नहीं की गई है। प्रशासन ने 6 ग्राउंड पार्किंग के लिए चिह्नित किए थे, लेकिन ठेका प्रक्रिया अभी पूरी नहीं हुई है। इससे पहले, 2019 और 2022 में भी दर्शकों से मनमाने तरीके से 500 रुपए तक वसूली की गई थी। अगर इस बार भी पार्किंग रेट तय नहीं किया गया, तो दर्शक परेशान हो सकते हैं।
टीम की बात करें तो 2022 के मुकाबले के खिलाड़ियों में केवल कुलदीप यादव और वाशिंगटन सुंदर इस बार भी टीम का हिस्सा हैं। वहीं, दक्षिण अफ्रीका टीम में भी बड़े बदलाव हुए हैं, और पिछले मैच के केवल क्विंटन डि-कॉक, एडन मार्क्रम और केशव महाराज मौजूद हैं।
