यूट्यूबर सुरंजना सिद्दार ने नक्सली हिडमा को बिरसा मुंडा बताया, कब होगी कार्रवाई
सरगुजा। सरगुजा की यूट्यूबर और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर सुरंजना सिद्दार ने एक बार फिर विवादित बयान देते हुए क्रूर नक्सली कमांडर माड़वी हिडमा की तुलना आदिवासी नेता एवं स्वतंत्रता सेनानी बिरसा मुंडा से कर डाली है। सिद्दार ने हिडमा को श्रद्धांजलि देते हुए एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने सरकार पर निशाना साधा और हिडमा को आदिवासियों का अराध्य बताया।
इसके बावजूद सरगुजा पुलिस द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं किए जाने पर सवाल उठ रहे हैं। यह पहली बार नहीं है जब सुरंजना सिद्दार विवादों में आई हैं। इससे पहले भी उन्होंने अंबिकापुर में नंगी तलवार लेकर वीडियो शूट करने जैसी घटनाओं से सुर्ख़ियां बटोरी थीं।
जानकारों का मानना है कि पुलिस की निष्क्रियता के कारण ऐसे तत्वों के हौसले बुलंद हो रहे हैं। उल्लेखनीय है कि दिल्ली में हाल ही में हिडमा के समर्थन में प्रदर्शन करने वाले कुछ युवाओं के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की थी, लेकिन छत्तीसगढ़ में ऐसे मामलों में कोई ठोस कार्रवाई नज़र नहीं आ रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते ऐसे विवादित बयानों और गतिविधियों पर अंकुश नहीं लगाया गया, तो हालात और बिगड़ सकते हैं।
