सीमेंट से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर कार्यालय में घुसा, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने घायल को बचाया

कवर्धा। रायपुर–जबलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग NH-30 पर मंगलवार को उस वक्त बड़ा हादसा टल गया जब मध्यप्रदेश से रायपुर आ रहा सीमेंट से लदा एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर छिरहा गांव के पास ड्राइवर संघ के कार्यालय में जा घुसा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार्यालय की दीवार ध्वस्त हो गई, लेकिन अंदर बैठे लोग बाल-बाल बच गए।

 

हादसे की वजह चालक को झपकी आना बताया जा रहा है। ट्रक का केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक घंटों तक उसमें फंसा रहा।

 

घटना के समय कवर्धा जिले के दौरे पर पहुंचे छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज मौके पर रुक गए। उन्होंने स्थानीय लोगों और पुलिस के साथ मिलकर करीब दो घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। लोहे की रॉड और गैस कटर की मदद से केबिन काटकर घायल चालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद उसे तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर है।

 

दीपक बैज ने सोशल मीडिया पर लिखा,

“आज छिरहा में एक ट्रक ड्राइवर यूनियन ऑफिस में घुस गया। घंटों के सामूहिक प्रयास और जन-सहयोग से हम सबने मिलकर केबिन में फंसे चालक को बाहर निकाला। संतोष की बात है कि चालक अब अस्पताल में हैं और स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं। संवेदनशील जनता और पुलिस कर्मियों का हृदय से आभार। सभी से अनुरोध है – वाहन चलाते समय सावधानी बरतें, अपना और अपनों का ख्याल रखें।”

Youthwings