रजिस्ट्री दर बढ़ोतरी के विरोध में हंगामा, भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव के काफिले को प्रदर्शनकारियों ने रोका

दुर्ग। प्रदेश में रजिस्ट्री दरों में बढ़ोतरी के विरोध में सोमवार को दुर्ग जिले में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव के काफिले को प्रदर्शनकारियों ने रोक दिया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक और हाथापाई की स्थिति उत्पन्न हो गई।

यह घटना पटेल चौक स्थित रजिस्ट्री कार्यालय के समीप घटी, जहां रजिस्ट्री दरों में वृद्धि के विरोध में प्रदर्शन कर रहे जमीन दलालों और रियल एस्टेट कारोबारियों ने भाजपा नेता के काफिले को अवरुद्ध कर दिया। इस दौरान भिलाई जिलाध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन, कोषाध्यक्ष शैलेंद्र सिंह और अन्य भाजपा कार्यकर्ता प्रदर्शनकारियों से भिड़ गए।

मौके पर मौजूद पुलिस बल ने बीच-बचाव करके स्थिति को नियंत्रित किया और काफिले को आगे बढ़ने दिया। घटना दुर्ग कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आती है।

भाजपा जिलाध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन ने इस घटना पर कहा, “प्रदर्शनकारियों ने काफिले को रोकने का प्रयास किया, लेकिन हमने उन्हें समझाकर हटा दिया। झड़प जैसी कोई स्थिति नहीं बनी।”

बता दें कि किरण सिंह देव सांसद विजय बघेल के पुत्र के विवाह समारोह और एक शोक संतृप्ति बैठक में शामिल होने दुर्ग आए हुए थे। वहीं, प्रदर्शनकारी रजिस्ट्री दरों में बढ़ोतरी के विरोध में कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर लौट रहे थे, तभी यह टकराव हुआ।

Youthwings