पाकिस्तान की नई साजिश बेनकाब, दिल्ली पुलिस ने पकड़ा भारी हथियारों का जखीरा, इंटरनेशनल सिंडिकेट के 4 तस्कर गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने एक बड़े अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्करी रैकेट का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस गैंग के चार सदस्यों—अजय, मंदीप, दलविंदर और रोहन—को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि यह नेटवर्क पाकिस्तान की ISI से जुड़ा हुआ था और ड्रोन के जरिए भारत में हथियार सप्लाई करता था।
ड्रोन से भारत लाए जाते थे विदेशी हथियार
पुलिस के अनुसार यह सिंडिकेट पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए चाइनीज और तुर्किये मेड महंगी पिस्तौलें भारत में गिरवाता था।
ड्रोन पंजाब के बॉर्डर एरिया में हथियार ड्रॉप करता, वहीं से गैंग इन्हें उठाकर दिल्ली, हरियाणा और उत्तर भारत के गैंगस्टरों तक पहुंचा देता, गिरफ्तार आरोपियों में से दो पंजाब के रहने वाले हैं।
हथियारों और कारतूस का भारी जखीरा बरामद
पुलिस ने इनके कब्जे से — 10 विदेशी पिस्तौलें, 92 कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि ये हथियार बड़े अपराधियों, नए गैंग और सुपारी किलिंग में शामिल नेटवर्क को सप्लाई किए जाते थे।
लाल किले धमाके के बाद बढ़ी निगरानी
दिल्ली में 10 नवंबर को लाल किले के पास हुए धमाके के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने निगरानी और भी कड़ी कर दी थी। इसी दौरान पुलिस को इस अंतरराष्ट्रीय रैकेट की गतिविधियों का पता चला।
फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है और इस नेटवर्क के पाकिस्तान से जुड़े बड़े लिंक की जांच जारी है।
