MP–CG बॉर्डर पर नक्सली मुठभेड़: सब-इंस्पेक्टर शहीद, दो बार वीरता पदक से हुए थे सम्मानित
छत्तीसगढ़–मध्यप्रदेश–महाराष्ट्र की त्रिकोणी सीमा पर सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच बुधवार सुबह भारी मुठभेड़ छिड़ गई। इस एनकाउंटर में मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले की स्पेशल हॉक फोर्स में तैनात सब-इंस्पेक्टर आशीष शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें तुरंत डोंगरगढ़ के अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें शहीद घोषित कर दिया। उनकी शहादत की खबर के बाद पूरे बल में शोक की लहर है।
जानकारी के अनुसार, सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम माओवादियों की मौजूदगी की सूचना पर सुबह कॉम्बिंग ऑपरेशन पर निकली थी। जवानों के जंगल में पहुंचते ही नक्सलियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। इस गोलीबारी में किनी चौकी प्रभारी आशीष शर्मा को गोली लगी। फिलहाल बोरतलाव जंगल में मुठभेड़ अभी भी जारी होने की सूचना है।
40 वर्षीय शहीद सब-इंस्पेक्टर आशीष शर्मा पहले ही दो बार वीरता पदक से सम्मानित किए जा चुके थे। फरवरी 2025 में रौंदा जंगल में हुई बड़ी मुठभेड़ में उन्होंने तीन महिला नक्सलियों को ढेर कर महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उनकी शहादत से सहकर्मी अधिकारी और जवान गहरे दुःख में हैं।
