Morning News :मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आज रायपुर-धमतरी दौरा, आज जारी होगी PM किसान की 21वीं किस्त
Chhattisgarh Morning News
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज सुबह 10:30 बजे रायपुर में लघु वनोपज सहकारी संघ के अध्यक्ष पदग्रहण समारोह में शामिल होंगे। इसके बाद 11:45 बजे धमतरी के लिए रवाना होंगे और वहां पीएम-किसान सम्मान निधि की किस्त वितरण कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। शाम 4 बजे वे वापस रायपुर लौट आएंगे।
धर्मांतरण का सबसे गंभीर मामला
कांकेर जिले के रिसेवाडा पंचायत के आश्रित ग्राम भैंसमुंडी में धर्मांतरण का अब तक का सबसे गंभीर मामला प्रकाश में आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि आंगनबाड़ी सहायिका ने खुद धर्मांतरण कर लिया और बच्चों पर भी इसका प्रभाव डालने की कोशिश की। इसके विरोध में ग्रामीणों ने पिछले 15 दिनों से अपने बच्चों को आंगनबाड़ी भेजना पूरी तरह बंद कर दिया है। मामला शिक्षा के साथ-साथ धार्मिक भावनाओं से भी जुड़ा होने के कारण तूल पकड़ गया है। महिला एवं बाल विकास विभाग ने जांच शुरू कर दी है।
प्रधानमंत्री आज जारी करेंगे पीएम-किसान की 21वीं किस्त
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज कोयंबटूर (तमिलनाडु) से पीएम किसान सम्मान निधि की 21वीं किस्त जारी करेंगे। इस बार करीब 9 करोड़ से अधिक किसानों के खाते में कुल 18,000 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि ट्रांसफर की जाएगी।
रायपुर-दुर्ग से ISIS से जुड़े दो नाबालिग गिरफ्तार, UAPA के तहत केस दर्ज
छत्तीसगढ़ ATS ने रायपुर और दुर्ग से दो नाबालिगों को गिरफ्तार किया है। दोनों ISIS की विचारधारा से प्रभावित थे। उनके मोबाइल में आतंकी संगठन से जुड़े खौफनाक सबूत, आपत्तिजनक तस्वीरें और डिजिटल एविडेंस मिले हैं। नाबालिगों ने ISIS के इशारे पर व्हाट्सएप ग्रुप बनाया और प्रदेश के 100 से अधिक लोगों को उसमें जोड़ा था। ATS ने सभी को पूछताछ के लिए बुलाने की तैयारी की है। दोनों के खिलाफ UAPA के तहत FIR दर्ज कर ली गई है। एक नाबालिग के पिता CRPF में हवलदार हैं। NIA भी दोनों से पूछताछ करेगी। जुवेनाइल जस्टिस कोर्ट ने दोनों को बाल सुधार गृह भेज दिया है। मोबाइल की गहन फॉरेंसिक जांच जारी है।
बिजली बिल हाफ पर सियासत कांग्रेस ने दी बड़े आंदोलन की चेतावनी
200 यूनिट तक बिजली बिल हाफ करने की घोषणा के बावजूद कांग्रेस मैदान में डटी हुई है। पार्टी अब 400 यूनिट तक बिल हाफ करने की मांग पर अड़ी है। कांग्रेस ने 30 नवंबर के बाद बड़ा प्रदर्शन और दिसंबर में CM हाउस घेराव की चेतावनी दी है। कांग्रेस का दावा है कि जनता के दबाव में ही सरकार को 200 यूनिट तक हाफ बिल की घोषणा करनी पड़ी।
