Chhattisgarh Morning News: CM साय बस्तर में, ओपन स्कूल परीक्षा शुरू, SIR पर कांग्रेस की रणनीति तेज
Chhattisgarh Morning News
Chhattisgarh Morning News: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज बस्तर जिले का दौरा करेंगे। सुबह करीब 11:30 बजे राजधानी रायपुर से जगदलपुर के लिए रवाना होंगे। दोपहर लगभग 12:35 बजे जगदलपुर पहुंचकर पंडुम कैफे का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद करीब 1 बजे शताब्दी वर्ष समारोह के उद्घाटन सत्र में शामिल होंगे। दोपहर करीब 2:30 बजे जगदलपुर से कोंडागांव प्रस्थान करेंगे और 3 बजे बुढ़ादेव महोत्सव 2025 में भाग लेंगे। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। शाम 5 बजे रायपुर वापस लौटेंगे।
जामयांग सेरिंग नामयांग का छत्तीसगढ़ दौरा: दूसरा दिन
रायपुर। छत्तीसगढ़ SIR प्रभारी और लद्दाख के पूर्व सांसद जामयांग सेरिंग नामयांग के छत्तीसगढ़ दौरे का आज दूसरा दिन है। वे कोंडागांव जाएंगे जहां SIR को लेकर संभागीय बैठक करेंगे। रविवार को उन्होंने भाजपा कार्यालय में बैठक की थी, जिसमें छत्तीसगढ़ में चल रही SIR प्रक्रिया पर पदाधिकारियों को निर्देश दिए थे।
ओपन स्कूल की तीसरी मुख्य परीक्षा आज से शुरू
रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य ओपन स्कूल की 10वीं एवं 12वीं की तीसरी मुख्य-अवसर परीक्षा आज 17 नवंबर से शुरू हो रही है। परीक्षा सुबह 8:30 बजे से दोपहर 11:45 बजे तक चलेगी। पहले दिन 10वीं की मराठी और 12वीं की हिंदी विषय की परीक्षा होगी। परीक्षा 1 दिसंबर तक जारी रहेगी। तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। निर्देश के अनुसार, शासन द्वारा घोषित कोई अवकाश होने पर भी परीक्षाएं यथावत रहेंगी।
कांग्रेस की SIR पर कार्यशाला आज तिल्दा में
तिल्दा नेवरा। छत्तीसगढ़ में चल रहे SIR (स्पेशल इंटेंसिव रिविजन) अभियान पर कांग्रेस ने रणनीति तेज कर दी है। आज दोपहर 3 बजे से कांग्रेस भवन तिल्दा में एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई है। रायपुर लोकसभा SIR प्रभारी एवं ट्रेनिंग कमिटी प्रमुख शैलेश नितिन त्रिवेदी की अगुवाई में ट्रेनिंग सेशन होंगे। प्रदेश कांग्रेस ने मास्टर ट्रेनर नियुक्त किए हैं, जिनमें SIR बलौदाबाजार के लिए राहुल तेजवानी को कंट्रोल रूम की जिम्मेदारी दी गई है। राहुल तेजवानी बीएलए, मंडल, सेक्टर और बूथ अध्यक्षों को ट्रेनिंग देंगे। कांग्रेस का उद्देश्य किसी मतदाता का नाम बिना कारण न कटे और प्रक्रिया पारदर्शी रहे। शैलेश नितिन त्रिवेदी ने SIR की समय सीमा तीन महीने बढ़ाने की मांग की, क्योंकि धान खरीदी के कारण किसान व्यस्त हैं।
धमतरी में अग्निवीर सैन्य भर्ती सेमिनार आज
धमतरी। अग्निवीर सैन्य भर्ती से संबंधित सेमिनार सोमवार को धमतरी में आयोजित होगा। यह दो पालियों में होगा। पहली पाली शासकीय पी.जी. कॉलेज धमतरी में सुबह 11:00 बजे से और दूसरी पाली सुखराम नागे शासकीय महाविद्यालय नगरी में दोपहर 3:00 बजे से शुरू होगी।
