‘गालियां देकर कहा मैं गंदी हूं, गंदी किडनी लगवाई, मेरी जैसी गलती…’ रोहिणी आचार्य का भावुक पोस्ट

बिहार में राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के भीतर चल रही अंतर्कलह के बीच शनिवार को पार्टी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य का एक बेहद भावुक और तीखा सोशल मीडिया पोस्ट सामने आया। रोहिणी ने दावा किया कि उन्हें गालियां दी गईं और उनके पिता को दी गई किडनी को ‘गंदी किडनी’ कहकर अपमानित किया गया। उन्होंने लिखा कि उन पर आरोप लगाए गए कि ‘करोड़ों रुपये लेकर टिकट के बदले अपने पिता को किडनी लगवाई।’

रोहिणी की दर्द भरी अपील: ‘बेटी के त्याग को गलत ठहराया’
रोहिणी ने अपनी पोस्ट में लिखा, ‘कल मुझे गालियों के साथ कहा गया कि मैं गंदी हूं और मैंने अपने पिता को अपनी गंदी किडनी लगवा दी। करोड़ों रुपये लिए, टिकट लिया, तब जाकर यह किडनी लगवाई।’ उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें तंज सहना पड़ा कि किडनी देने के बदले सौदेबाजी की गई। रोहिणी ने शादीशुदा बेटियों और महिलाओं से भावुक अपील करते हुए लिखा, ‘सभी शादीशुदा बेटी-बहनों से कहूंगी कि अगर आपके मायके में कोई बेटा-भाई है, तो भूलकर भी अपने भगवान जैसे पिता को बचाने की कोशिश न करें। अपने भाई या उनके किसी दोस्त से कहें कि वे अपनी किडनी दें।’

‘मेरा त्याग हथियार बन गया’
रोहिणी ने कहा कि एक शादीशुदा बेटी के त्याग को ‘आज की राजनीति ने गलत तरीके से पेश किया।’ उन्होंने लिखा, ‘सभी बहन-बेटियां अपना घर-परिवार, बच्चे, ससुराल और काम देखें। अपने माता-पिता की चिंता छोड़कर सिर्फ अपने बारे में सोचें। मैंने यह गलती की कि अपने तीन बच्चों, परिवार और ससुराल को दरकिनार कर बिना किसी की अनुमति के अपने पिता को बचाने का फैसला लिया।’ उन्होंने दुख जताते हुए कहा कि उनके जीवन का सबसे बड़ा त्याग आज उनके खिलाफ हथियार की तरह इस्तेमाल हो रहा है। रोहिणी ने लिखा, ‘मेरी जैसी गलती कोई न करे, किसी घर में रोहिणी जैसी बेटी न हो।’

परिवार और राजनीति से दूरी की बात
इससे पहले भी रोहिणी सोशल मीडिया के जरिए परिवार और राजनीति छोड़ने की बात कह चुकी हैं। शनिवार को उन्होंने एक्स पर लिखा था कि वे राजनीति और अपने परिवार से नाता तोड़ रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि हार का कारण पूछने पर उन पर चप्पल उठाई गई। रविवार को एक अन्य पोस्ट में रोहिणी ने बताया कि उन्हें ‘गंदी-गंदी गालियां’ दी गईं, जिसके बाद वे अपने बुजुर्ग माता-पिता को छोड़ने के लिए मजबूर हो गईं।

रोहिणी के इस पोस्ट ने बिहार के राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है। राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि यह बयान लालू परिवार और आरजेडी के भीतर बढ़ते तनाव को और स्पष्ट करता है।

Youthwings