छत्तीसगढ़ में बढ़ी सर्दी: अंबिकापुर का तापमान 7°C पहुंचा, कई जिलों में शीतलहर अलर्ट
CG Cold Wave
रायपुर: उत्तर भारत से आ रही ठंडी हवाओं का असर अब पूरे छत्तीसगढ़ में महसूस किया जा रहा है। राजधानी रायपुर में भी सुबह और रात के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, करीब तीन साल बाद रायपुर के न्यूनतम तापमान में इतनी तेज गिरावट देखने को मिली है। विभाग का अनुमान है कि अगले तीन दिनों तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, जिसके बाद न्यूनतम तापमान में करीब 3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि संभव है।
प्रदेश में बढ़ी सर्दी, कई क्षेत्रों में शीतलहर की आशंका
पिछले 24 घंटों में दुर्ग 30.8°C के साथ सबसे गर्म जिला रहा, जबकि सबसे कम तापमान 7°C अंबिकापुर में दर्ज किया गया। इस दौरान राज्य में कहीं भी बारिश नहीं हुई। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में अगले दिनों में शीतलहर जैसी परिस्थितियाँ बन सकती हैं।
इन जिलों में जारी किया गया शीतलहर का अलर्ट
मौसम विभाग ने जिन जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है, उनमें शामिल हैं— गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कबीरधाम, मुंगेली, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, राजनांदगांव, दुर्ग, कोरबा, कोरिया, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, सरगुजा, जशपुर, सूरजपुर और बलरामपुर। इन इलाकों में तापमान और गिरने के साथ सर्द हवा तेज होने की संभावना है।
रायपुर का आज का मौसम
राजधानी रायपुर में आज आसमान साफ है। तापमान 13°C से 29°C के बीच रिकॉर्ड किया गया है। साफ मौसम के बीच सुबह और देर रात ठंड और अधिक महसूस की जा रही है।
