कैप्सूल वाहन की टक्कर से ट्यूशन जा रहे युवक की मौत, ग्रामीणों ने किया चक्काजाम

छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में रविवार तड़के दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। जांजगीर-बिलासपुर मार्ग पर ग्राम नरियरा में एक कैप्सूल वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दो युवकों में से एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान अतुल कुमार साहू के रूप में हुई है, जो अपने दोस्त के साथ ट्यूशन क्लास जा रहा था।

घटना की जानकारी मिलते ही आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। उनकी मांग है कि मृतक के परिवार को मुआवजा दिया जाए और एक सदस्य को नौकरी मिले। मौके पर मुलमुला थाना पुलिस पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन बातचीत असफल रही।

बताया जा रहा है कि हादसे में शामिल कैप्सूल वाहन जिंदल पावर प्लांट, नरियरा का है। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। वहीं घायल युवक को गंभीर अवस्था में बिलासपुर रेफर किया गया है।

Youthwings