सुकमा-दंतेवाड़ा सीमा पर आईईडी ब्लास्ट: सीआरपीएफ जवान घायल, हेलीकॉप्टर से रायपुर भेजा गया
छत्तीसगढ़ के सुकमा-दंतेवाड़ा सीमा क्षेत्र में रविवार को नक्सल प्रभावित गोंगुडा पहाड़ के पास सर्च ऑपरेशन के दौरान सीआरपीएफ का एक जवान आईईडी विस्फोट की चपेट में आ गया। जानकारी के अनुसार, 74वीं बटालियन (BN) के डॉग हैंडलर जवान को दोपहर लगभग 1:45 बजे गश्त के दौरान विस्फोट से चोटें आईं। घटना फूलबगड़ी थाना क्षेत्र के मुलेर इलाके में हुई। घायल जवान को तुरंत जंगल से बाहर निकालकर मुलेर कैंप लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे हेलीकॉप्टर से रायपुर एयरलिफ्ट किया गया। बताया जा रहा है कि जवान के पैर में गंभीर चोट आई है। घटना स्थल पर सुकमा एसपी किरण चह्वाण भी मौजूद रहे।
