Chhattisgarh Winter Vacation 2025: छत्तीसगढ़ में शीतकालीन छुट्टियों का ऐलान, शिक्षा विभाग ने जारी किया नोटिफिकेशन, जानिए कब स्कूल रहेंगे बंद
Chhattisgarh Winter Vacation 2025: छत्तीसगढ़ के स्कूलों और शिक्षण संस्थानों के लिए शीतकालीन अवकाश की तारीखों का ऐलान कर दिया गया है। स्कूल शिक्षा विभाग ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए अवकाश संबंधी नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। जारी आदेश के अनुसार प्रदेश के सभी शासकीय, अनुदान प्राप्त और गैर अनुदान प्राप्त स्कूलों के साथ-साथ डी.एड., बी.एड. और एम.एड. महाविद्यालयों में भी यह नियम लागू होगा।
22 दिसंबर से 27 दिसंबर तक रहेगा अवकाश
शिक्षा विभाग के नोटिफिकेशन के अनुसार, इस बार शीतकालीन छुट्टियाँ 22 दिसंबर से 27 दिसंबर 2025 तक रहेंगी। इस दौरान विद्यार्थियों को कुल 6 दिनों का अवकाश मिलेगा। छुट्टियाँ खत्म होने के बाद स्कूल और कॉलेज 28 दिसंबर से नियमित रूप से खुलेंगे।
ग्रीष्मकालीन अवकाश भी तय
विभाग ने अगले साल के ग्रीष्मकालीन अवकाश की तारीखें भी तय कर दी हैं। 2026 में गर्मी की छुट्टियाँ 1 मई से 15 जून तक रहेंगी। यानी छात्रों को कुल 46 दिनों का अवकाश मिलेगा। यह आदेश सभी स्कूलों और महाविद्यालयों पर लागू होगा।
सितंबर में ही जारी हुआ था आदेश
बता दें कि शिक्षा विभाग ने यह अवकाश आदेश सितंबर 2025 में ही सभी जिलों के जिला शिक्षा अधिकारियों को भेज दिया था। इसका उद्देश्य था कि स्कूल प्रबंधन पहले से छुट्टियों की तैयारी कर सके और विद्यार्थियों या अभिभावकों में किसी तरह की भ्रम की स्थिति न बने।
सभी संस्थानों पर लागू होंगे नियम
शिक्षा विभाग के इस आदेश के तहत केवल सरकारी स्कूल ही नहीं, बल्कि अनुदान प्राप्त, निजी स्कूलों और सभी शिक्षण संस्थानों में भी यही अवकाश अनुसूची लागू की जाएगी। इसमें डी.एड., बी.एड. और एम.एड. कॉलेज भी शामिल हैं।
छात्रों और अभिभावकों में खुशी
शीतकालीन छुट्टियों के ऐलान के बाद छात्रों और अभिभावकों में उत्साह देखा जा रहा है। कई परिवार इन दिनों में सैर-सपाटा या रिश्तेदारों से मिलने की योजना बनाने लगे हैं। वहीं, शिक्षक वर्ग के लिए भी यह छोटा ब्रेक ताजगी लेकर आएगा।
छत्तीसगढ़ स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा जारी यह नोटिफिकेशन पूरे प्रदेश के विद्यार्थियों के लिए राहतभरी खबर है। अब छात्र दिसंबर में सर्दियों की छुट्टियों का लुत्फ उठा सकेंगे और मई-जून में गर्मी से बचाव के लिए लम्बी ग्रीष्मकालीन छुट्टियाँ भी मिलेगीं।
