मशहूर अभिनेत्री-सिंगर सुलक्षणा पंडित का निधन: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ से मुंबई तक रहा सुनहरा सफर

छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक नगरी रायगढ़ की प्रसिद्ध अभिनेत्री और गायिका सुलक्षणा पंडित का गुरुवार शाम मुंबई में निधन हो गया। 71 वर्षीय सुलक्षणा लंबे समय से बीमार थीं और हाल ही में उन्हें हार्ट अटैक हुआ था। उन्होंने नानावटी अस्पताल में अंतिम सांस ली।

रायगढ़ की माटी से जुड़ी रही संगीत परंपरा

12 जुलाई 1954 को रायगढ़ में जन्मी सुलक्षणा पंडित संगीत और संस्कृति के माहौल में पली-बढ़ीं। उनके पिता प्रताप नरेन पंडित रायगढ़ दरबार के प्रसिद्ध कलाकार थे और महान संगीतकार पंडित जसराज के छोटे भाई थे। उनका परिवार कभी रायगढ़ दरबार और नरियरा गांव (जिसे छत्तीसगढ़ का वृंदावन कहा जाता है) से जुड़ा रहा। यहीं से संगीत उनके जीवन का अभिन्न हिस्सा बना।

अभिनय और संगीत दोनों में कमाया नाम

सुलक्षणा ने 9 साल की उम्र में संगीत के क्षेत्र में कदम रखा था। उन्होंने ‘उलझन’, ‘अपनापन’, ‘हेरा फेरी’, ‘संकल्प’, ‘संकोच’, ‘वक्त की दीवार’, ‘धरम कांटा’, ‘अमानत’ जैसी फिल्मों में अपने अभिनय और गायन से दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया।
उनके परिवार में भी कला की गहरी जड़ें रहीं — जतिन-ललित उनके भाई हैं, जो हिंदी सिनेमा के प्रसिद्ध संगीतकार जोड़ी हैं, जबकि बहन विजेता पंडित भी लोकप्रिय अभिनेत्री रहीं।

संजीव कुमार से जुड़ी अधूरी प्रेम कहानी

सुलक्षणा पंडित का जीवन उतना ही संवेदनशील रहा जितनी उनकी आवाज़। कहा जाता है कि उन्हें अभिनेता संजीव कुमार से गहरा लगाव था, लेकिन यह रिश्ता कभी मुकम्मल नहीं हो सका। संयोग से, 6 नवंबर को ही संजीव कुमार का निधन हुआ था, और अब उसी तारीख को सुलक्षणा ने भी दुनिया को अलविदा कह दिया।

 

Youthwings