Durg News: छत्तीसगढ़ में अनोखी मांग! बोरी गांव के ग्रामीण बोले- “गांव में शराब दुकान खोलो”, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

Durg News: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है, जहां ग्रामीणों ने शराब की दुकान खोलने की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचकर ज्ञापन सौंपा है। आमतौर पर लोग शराब दुकान खुलने का विरोध करते हैं, लेकिन यहां ग्रामीण खुद दुकान खुलवाने की मांग कर रहे हैं।

बोरी गांव के ग्रामीणों की अनोखी अपील

यह मामला दुर्ग जिले के बोरी गांव का है। गांव के ग्रामीण और व्यापारी कलेक्ट्रेट पहुंचकर सरकारी शराब दुकान खोले जाने की मांग करने लगे। उनका कहना है कि गांव और आसपास के इलाकों में अवैध शराब की बिक्री जोरों पर है, जिससे ग्रामीणों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है।

ग्रामीणों ने कहा कि शराब की दुकान नहीं होने की वजह से लोग शराब खरीदने के लिए दूर-दराज के गांवों या कस्बों में जाते हैं। इस दौरान कई बार सड़क दुर्घटनाएं भी हो जाती हैं। इसके अलावा अवैध शराब से कई लोगों की तबीयत भी बिगड़ चुकी है।

ग्रामीणों ने बताई बड़ी वजह

ग्रामीणो ने यह भी बताया कि गांव में शराब दुकान न होने से स्थानीय व्यापार प्रभावित हो रहा है। दुकानदारों का कहना है कि दुकान खुलने से आसपास के व्यापार को भी फायदा होगा, क्योंकि लोग बाहर न जाकर गांव में ही खरीददारी करेंगे।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि उनकी मांग पूरी नहीं की गई, तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। उन्होंने इस संबंध में दुर्ग कलेक्टर को 50 से अधिक लोगों के हस्ताक्षर वाला ज्ञापन सौंपा है।

प्रशासन के सामने अब चुनौती

अब प्रशासन के सामने यह फैसला लेना आसान नहीं होगा कि गांव में शराब दुकान खोली जाए या नहीं। जहां एक ओर ग्रामीण इसकी मांग कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर सामाजिक संस्थाएं और नशामुक्ति अभियान से जुड़े लोग इस कदम का विरोध कर सकते हैं।

फिलहाल कलेक्टर कार्यालय ने ज्ञापन प्राप्त कर लिया है और इस पर विचार करने की बात कही है। आने वाले दिनों में यह देखना दिलचस्प होगा कि प्रशासन ग्रामीणों की इस अनोखी मांग पर क्या निर्णय लेता है।

Youthwings