राहुल गांधी का बड़ा आरोप: हरियाणा चुनाव में 25 लाख वोटों में गड़बड़ी, बोले— “कांग्रेस की जीत को हार में बदला गया”, GenZ से की ये अपील…
राहुल गांधी का हाइड्रोजन बम
नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मंगलवार को दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर हरियाणा विधानसभा चुनाव में कथित वोट गड़बड़ी पर बड़ा बयान दिया। उन्होंने सबसे पहले गुरु नानक देव जी को नमन करते हुए कहा कि वे उनके और करोड़ों भारतीयों के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। राहुल गांधी ने कहा कि हरियाणा चुनाव को लेकर उन्हें कई शिकायतें मिली थीं। पार्टी ने इन शिकायतों की गहन जांच-पड़ताल की, जिसमें भारी गड़बड़ी के प्रमाण सामने आए।
“25 लाख वोटों में हुई गड़बड़ी” — राहुल गांधी
राहुल गांधी ने कहा कि कुल 25 लाख से अधिक वोटों में गड़बड़ी पाई गई है।
उन्होंने विस्तार से बताया —
डुप्लीकेट वोटर: 5,21,619
गलत पता: 93,174
बल्क वोटर: 19,26,351
राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस ने चुनाव आयोग के समक्ष सभी प्रमाण रख दिए हैं, और आयोग को यह स्पष्ट करना चाहिए कि “एक ही बूथ पर किसी व्यक्ति का नाम 223 बार कैसे दर्ज हो गया।”
“ब्राजील की मॉडल ने हरियाणा में 22 बार वोट डाला” — राहुल गांधी का दावा
राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में एक महिला की तस्वीर दिखाते हुए कहा कि वह महिला ब्राजील की मॉडल है, जिसने हरियाणा में 10 अलग-अलग बूथों पर 22 बार वोट डाला। उन्होंने बताया कि उसके नाम वोटर लिस्ट में सीमा, सरस्वती, स्वीटी, विमला जैसे अलग-अलग नामों से दर्ज थे।
राहुल गांधी ने दिए एग्जिट पोल के उदाहरण
राहुल गांधी ने कहा कि हरियाणा के एग्जिट पोल में कांग्रेस की स्पष्ट जीत दिखाई गई थी। उन्होंने कहा कि पार्टी ने चुनाव की पूरी तैयारी की थी, और स्थानीय नेताओं ने मजबूत संगठनात्मक काम किया था। उन्होंने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी के बयान का भी जिक्र किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि “हम सरकार बनाने जा रहे हैं और हमारे पास पूरी व्यवस्था है।” राहुल गांधी ने सवाल उठाया कि आखिर पोस्टल वोट और वास्तविक वोटों में इतना बड़ा अंतर क्यों आया?
GenZ से की ये अपील:
राहुल गांधी ने भारत के युवाओं, विशेष रूप से Gen Z वर्ग से कहा, “यह सिर्फ एक चुनाव का मामला नहीं, बल्कि आपके भविष्य का सवाल है। अगर चुनाव प्रक्रिया पर भरोसा नहीं रहेगा, तो लोकतंत्र कमजोर होगा।”
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास 100% पुख्ता सबूत हैं कि “कांग्रेस की भारी जीत को साजिश के तहत हार में बदला गया।” राहुल गांधी ने अंत में कहा कि “मुख्यमंत्री नायब सैनी की मुस्कान और उनकी कही ‘व्यवस्था’ को ध्यान से देखिए — यही असली संकेत हैं।”
