राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आएंगी अंबिकापुर: 20 नवंबर को राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस में होंगी शामिल

राष्ट्रपति मुर्मू

राष्ट्रपति मुर्मू

छत्तीसगढ़ के सरगुजा (अंबिकापुर) में आयोजित होने जा रहे राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस का मुख्य आयोजन अब 20 नवंबर को किया जाएगा। इस कार्यक्रम में भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शामिल होंगी। पहले यह आयोजन 15 नवंबर को तय था, लेकिन राष्ट्रपति के शेड्यूल को ध्यान में रखते हुए तिथि आगे बढ़ाई गई है।

राज्य सरकार कर रही है बड़े आयोजन की तैयारी

इस कार्यक्रम को लेकर राज्य सरकार ने तीन दिवसीय आयोजन की रूपरेखा तैयार की है। राष्ट्रपति के आगमन की पुष्टि हो चुकी है और प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने हाल ही में दिल्ली जाकर राष्ट्रपति से मुलाकात की थी और उन्हें इस समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया था।

लोककला और कर्मा महोत्सव का होगा समापन

राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस के मुख्य समारोह के दौरान बैगा-गुनिया हथजोड़ सम्मान निधि की शुरुआत की जाएगी। इसके साथ ही शहीद वीर नारायण सिंह की स्मृति में आयोजित लोककला महोत्सव और कर्मा महोत्सव का समापन भी इसी दिन किया जाएगा।

उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन का 5 नवंबर को राजनांदगांव दौरा

इससे पहले भारत के उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन 5 नवंबर को राजनांदगांव जिले के दौरे पर रहेंगे। वे यहां उदयाचल मल्टी स्पेशियलिटी नेत्र चिकित्सा संस्थान के उद्घाटन और लखपति दीदी सम्मेलन में शामिल होंगे।

दोपहर में राजनांदगांव से रवाना होंगे उपराष्ट्रपति

उपराष्ट्रपति का कार्यक्रम सुबह 12.35 बजे रायपुर एयरपोर्ट से रवाना होकर 1.10 बजे राजनांदगांव पहुंचने का है। वे विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेने के बाद 3.55 बजे रायपुर के लिए वापस उड़ान भरेंगे।

 

Youthwings