नवा रायपुर में कल वायुसेना का एयर शो: सेंध लेक के ऊपर उड़ेंगे 9 फाइटर प्लेन, आज फुल ड्रेस रिहर्सल

नवा रायपुर में कल एयर शो

नवा रायपुर में कल एयर शो

राजधानी नवा रायपुर में बुधवार को भारतीय वायुसेना का भव्य एयर शो आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन सेंध लेक के ऊपर सुबह 10 से 12 बजे के बीच होगा, जिसमें 9 फाइटर प्लेन आसमान में अपनी शानदार उड़ान का प्रदर्शन करेंगे। इन विमानों और उनके पायलटों का दल सोमवार को शहर पहुंच चुका है।

मंगलवार को होगा फुल ड्रेस रिहर्सल

मुख्य कार्यक्रम से एक दिन पहले मंगलवार को निर्धारित समय पर फुल ड्रेस रिहर्सल की जाएगी। इसमें पायलट वास्तविक कार्यक्रम की तरह ही सभी करतबों का अभ्यास करेंगे ताकि बुधवार का शो बेहतरीन तरीके से प्रस्तुत किया जा सके।

तिरंगा, एरोहेड और हार्ट फॉर्मेशन दिखाएंगे फाइटर जेट्स

वायुसेना के जेट्स पांच मीटर की दूरी पर उड़ते हुए आसमान में तिरंगे की आकृति बनाएंगे। साथ ही ‘हार्ट इन द स्काई’, ‘एरोहेड’ और ‘बॉम्ब बर्स्ट’ जैसे आकर्षक करतब भी पेश करेंगे। यह प्रदर्शन न केवल रोमांच से भरपूर होगा, बल्कि देशभक्ति की भावना को भी जागृत करेगा।

सूर्य किरण टीम का नेतृत्व, अनुभवी पायलट होंगे शामिल

न्यू सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता में ग्रुप कैप्टन अजय दशराठी, स्क्वॉड्रन लीडर जसदीप सिंह, राहुल सिंह, गौरव पटेल, संजेश सिंह और फ्लाइट लेफ्टिनेंट कंवल संधु ने बताया कि यह शो भारतीय वायुसेना की प्रसिद्ध सूर्य किरण एयरोबेटिक टीम द्वारा किया जाएगा।
टीम पिछले 15 वर्षों से देश और विदेशों में इस तरह के कार्यक्रमों के माध्यम से अपनी कुशलता दिखा रही है।

100 से 10,000 फीट की ऊंचाई पर होंगे करतब

एयर शो में विमान 100 फीट से लेकर 10,000 फीट की ऊंचाई तक उड़ान भरेंगे। टीम के सदस्य इन जोखिम भरे प्रदर्शनों के लिए छह महीने तक सघन प्रशिक्षण प्राप्त करते हैं और अगले छह महीने देशभर में होने वाले एयर शोज़ में भाग लेते हैं।

उद्देश्य: युवाओं में देशभक्ति और वायुसेना के प्रति आकर्षण

फाइटर पायलटों ने बताया कि इस तरह के एयर शो का मकसद युवाओं के दिलों में देशभक्ति की भावना को प्रबल करना और उन्हें भारतीय वायुसेना से जुड़ने के लिए प्रेरित करना है। नवा रायपुर में होने वाला यह कार्यक्रम भी इसी उद्देश्य को पूरा करेगा।

 

Youthwings