तेलंगाना में भीषण सड़क हादसा: बस-ट्रक टक्कर में 19 की मौत, कई घायल
तेलंगाना में भीषण सड़क हादसा
तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले में सोमवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हुआ। बजरी से भरे ट्रक और टीएसआरटीसी (तेलंगाना राज्य सड़क परिवहन निगम) की बस की आमने-सामने टक्कर में कम से कम 19 लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि 5 से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
यह दुर्घटना चेवेल्ला के पास स्टेट हाईवे पर सुबह करीब साढ़े सात बजे हुई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक में लदी बजरी बस पर गिर गई, जिससे हालात और भी भयावह हो गए।
चालीस यात्रियों से भरी थी बस
पुलिस के अनुसार, बस तंदूर से चेवेल्ला की ओर जा रही थी और उसमें करीब 40 यात्री सवार थे। हादसे में ट्रक चालक और 8 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, बस चालक, महिला कंडक्टर और अन्य घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
राहत और बचाव कार्य जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। दुर्घटना में क्षतिग्रस्त बस से यात्रियों को बाहर निकालने के लिए क्रेन और स्थानीय लोगों की मदद ली गई। फिलहाल मृतकों की पहचान की जा रही है और घायलों का इलाज जारी है। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के सटीक कारणों की जांच की जा रही है।
