CG Winter session: 15 दिसंबर से नए विधानसभा भवन में शीत सत्र की संभावना, एक दिन का विशेष सत्र भी संभावित

छत्तीसगढ़ विधानसभा का आगामी शीतकालीन सत्र नए विधानसभा भवन में आयोजित किया जा सकता है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, सत्र 15 दिसंबर से शुरू होकर एक सप्ताह तक चलने की संभावना है। विधानसभा सचिवालय ने इसको लेकर प्रारंभिक तैयारियां शुरू कर दी हैं, और जल्द ही राजभवन को पत्र भेजा जाएगा। अनुमान है कि 15 नवंबर तक अधिसूचना जारी कर दी जाएगी।

विधानसभा अध्यक्ष की समीक्षा बैठक

नए विधानसभा भवन के लोकार्पण के बाद विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने शीतकालीन सत्र को लेकर अधिकारियों से बैठक की है। चर्चा में यह भी प्रस्ताव रखा गया कि रजत जयंती वर्ष के अवसर पर एक विशेष सत्र आयोजित किया जाए, जिसमें राज्य के विकास, योजनाओं और युवा छत्तीसगढ़ की भूमिका पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

सदन की बैठक व्यवस्था में बड़ा बदलाव

नए भवन के सदन में 90 विधायकों के लिए नई बैठक व्यवस्था तैयार की गई है। हालांकि, भवन को भविष्य में 200 विधायकों की क्षमता को ध्यान में रखते हुए डिज़ाइन किया गया है। इस बार सदन में विधायकों की तीन कतारों में बैठक व्यवस्था होगी, जिससे कार्यवाही और भी सुव्यवस्थित तरीके से संचालित की जा सकेगी।

पुराने भवन से नई विधानसभा तक शिफ्टिंग प्रक्रिया जारी

पुराने विधानसभा भवन से नई विधानसभा में शिफ्टिंग प्रक्रिया में लगभग छह महीने का समय लग सकता है। सचिवालय और विभिन्न शाखाओं में फर्नीचर, तकनीकी उपकरण और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी होने के बाद ही शिफ्टिंग शुरू होगी।

दिसंबर सत्र से पहले आवश्यक दस्तावेज़ और जरूरी सामग्री नए भवन में स्थानांतरित करने की योजना है। वहीं, पुराने विधानसभा भवन के भविष्य के उपयोग को लेकर अभी निर्णय लंबित है।

 

Youthwings