प्रधानमंत्री मोदी ने नए विधानसभा भवन और अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का किया अनावरण, कहा — ‘छत्तीसगढ़ ने विकास के 25 वर्षों में रचा नया इतिहास’

नए विधानसभा भवन का अनावरण

नए विधानसभा भवन का अनावरण

रायपुर: छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस के विशेष अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को नवा रायपुर अटल नगर पहुंचे। यहां उन्होंने नए विधानसभा भवन परिसर में भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण किया। यह ऐतिहासिक क्षण राज्य के 25वें स्थापना दिवस के उत्सव के बीच मनाया गया। इस अवसर पर राज्यपाल रमेश बैस, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, सहित कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

“छत्तीसगढ़ के 25 साल, नई ऊंचाइयों की यात्रा” — प्रधानमंत्री मोदी

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा के लिए आज का दिन एक स्वर्णिम शुरूआत का दिन है और मेरे लिए व्यक्तिगत तौर पर ये बहुत ही सुखद दिन है, अहम दिन है। मेरा बीते कई दशकों से इस भूमि से बहुत आत्मीय नाता रहा है। एक कार्यकर्ता के रूप में मैंने छत्तीसगढ़ में बहुत समय व्यतीत किया, यहां से मुझे बहुत कुछ सीखने को मिला। मेरे जीवन को गढ़ने में यहां के लोगों का, यहां की भूमि का बहुत बड़ा आशीर्वाद रहा है। छत्तीसगढ़ की परिकल्पना, इसके निर्माण का संकल्प और उस संकल्प की सिद्धी, हर एक क्षण पर मैं छत्तीसगढ़ के परिवर्तन का साक्षी रहा हूं। और आज जब छ्त्तीसगढ़ 25 वर्षों की यात्रा के अहम पड़ाव पर पहुंचा है तो मुझे इस क्षण का भी सहभागी बनने का अवसर मिला। आज इस रजत जयंती के उत्सव पर मुझे राज्य के लोगों के लिए इस नई विधानसभा का लोकार्पण करने का सौभाग्य मिला है। मैं छत्तीसगढ़ के लोगों को, राज्य सरकार को इस अवसर पर अपनी शुभकामनाएं देता हूं, बधाई देता हूं।”

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “आज जब हम इस भव्य और आधुनिक विधानसभा का लोकार्पण कर रहे हैं तो ये केवल एक इमारत का समारोह नहीं है बल्कि 25 वर्षों की जन आकांक्षा, जन संघर्ष और जन गौरव का उत्सव बन गया है… मैं उन महापुरुष को नमन करता हूं जिनकी दूरदृष्टि और करुणा ने इस राज्य की स्थापना की। वो महापुरुष हैं, भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी। साल 2000 में जब अटल बिहारी वाजपेयी ने छ्त्तीसगढ़ राज्य का गठन किया तो वो निर्णय केवल प्रशासनिक नहीं था, वो निर्णय था छत्तीसगढ़ की आत्मा को पहचान दिलाने का। आज जब इस विधानसभा भवन के साथ-साथ अटल जी की प्रतिमा का भी अनावरण हुआ है तो मन कह उठता है, अटल जी जहां भी हों, अटल जी देखिए आपका सपना साकार हो रहा है…”

“…छत्तीसगढ़ विधानसभा का इतिहास अपने आप में प्रेरणास्रोत है। 2000 में जब इस सुंदर राज्य की स्थापना हुआ तो पहली विधानसभा की बैठक राजकुमार कॉलेज रायपुर के जशपुर हॉल में हुई। वो समय सीमित संसाधनों का तो था लेकिन असीम सपनों का था। तब केवल एक भावना थी कि हम अपने भाग्य को और तेजी से उज्जवल बनाएंगे…”

“…यह हमारा छत्तीसगढ़ तो भगवान श्री राम का ननिहाल है। भगवान श्री राम इस धरती ते भांजे हैं। आज इस नए परिसर में श्री राम के आदर्शों को याद करने का इससे बेहतर दिन और क्या होगा? भगवान राम के आदर्श हमें सुशासन की सीख देते हैं। अयोध्या में राम मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा के समय हम सभी ने ‘देव से देश’ और ‘राम से राष्ट्र’ का संकल्प लिया था… राम से राष्ट्र का अर्थ है सुशासन और जनकल्याण का राज, इसका अर्थ है ‘सबका साथ-सबका विकास’ की भावना से शासन… जहां कोई ना गरीब हो ना कोई दुखी हो, जहां भारत गरीबी से मुक्त होकर आगे बढ़ेगा। राम से राष्ट्र का अर्थ है, बीमारियों से असमय मृत्यु ना हो यानी स्वस्थ और सुखी भारत का निर्माण हो…”

“राम से राष्ट्र का एक अर्थ यह भी है कि मानवता विरोधी ताकतों का, आतंक के विनाश की प्रतिज्ञा और यही तो हमने ऑपरेशन सिंदूर में देखा। भारत आतंक के विनाश की प्रतिज्ञा करके आतंकियों की कमर तोड़ रहा है। भारत आज नक्सलवाद और माओवादी आतंक को भी समाप्त करने की तरफ बढ़ रहा है। भारत आज अभूतपूर्व विजय के गर्व से भरा हुआ है और गर्व की यही भावना आज छत्तीसगढ़ विधानसभा के इस नए परिसर में हमें चारो ओर दिख रही है…”

“पिछले 25 वर्षों में छत्तीसगढ़ ने जो परिवर्तन देखा है वो अद्भुत और प्रेरणादायी है। कभी यह राज्य नक्सलवाद और पिछड़ेपन से पहचाना जाता था। आज वही राज्य समृद्धि, सुरक्षा और स्थायित्व का प्रतीक बन रहा है… और इस परिवर्तन के पीछे है छत्तीसगढ़ की जनता का परिश्रम और भाजपा की सरकारों का दूरदर्शी नेतृत्व।”

“25 वर्षों में विधानसभा ने हासिल की अनेक उपलब्धियाँ” — मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी के हाथों हमारी भव्य विधानसभा का लोकार्पण होना राज्य के लिए गर्व की बात है। हमारी विधानसभा ने बीते 25 वर्षों में कई कीर्तिमान स्थापित किए हैं और लोकतंत्र की मजबूत मिसाल पेश की है।”

“अटल जी का सपना साकार हुआ” — विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा, “यह दिन छत्तीसगढ़ के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा। अटल बिहारी वाजपेयी जी ने 25 वर्ष पहले जिस राज्य का सपना देखा था, आज वह राज्य नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है।”

 

Youthwings