ACB-EOW की बड़ी कार्रवाई: कवासी लखमा के करीबियों समेत कई ठिकानों पर रेड
रायपुर: छत्तीसगढ़ से एक बड़ी खबर सामने आई है। शनिवार सुबह ACB और EOW की टीमों ने एक साथ कई ठिकानों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई पूर्व मंत्री कवासी लखमा से जुड़े व्यक्तियों के परिसरों में की जा रही है, जहां तलाशी अभियान जारी है।
सुकमा, जगदलपुर समेत 15 से अधिक ठिकानों पर कार्रवाई :
जानकारी के अनुसार, शराब घोटाले के मामले में ACB और EOW की टीम ने शनिवार सुबह सुकमा, जगदलपुर, दंतेवाड़ा, अंबिकापुर और रायपुर में एक साथ छापेमारी की। 15 से अधिक ठिकानों पर कार्रवाई की जा रही है। पूर्व मंत्री कवासी लखमा के करीबी कांग्रेस नेता राजकुमार तामो के घर पर भी टीम जांच कर रही है, जहां दंतेवाड़ा स्थित उनके आवास पर तलाशी ली जा रही है।
हार्डवेयर और पेट्रोल पंप के कारोबारी यहां भी छापा :
वहीं, सुकमा जिले में 4 स्थानों पर छापेमारी की गई है। जिन ठिकानों पर रेड की गई है, उनमें हार्डवेयर और पेट्रोल पंप के कारोबारी भी शामिल हैं। एसीबी और ईओडब्ल्यू की टीम शराब घोटाले से जुड़ी महत्वपूर्ण दस्तावेजों और लेन-देन की जानकारी जुटाने के लिए जांच कर रही है।
