Chhattisgarh Morning News: राज्योत्सव की तैयारियों का जायजा लेंगे मुख्यमंत्री साय, सहकारी समितियों का आज प्रदर्शन, छठ पूजा के लिए चलेगी स्पेशल ट्रेन
Chhattisgarh Morning News
रायपुर। Chhattisgarh Morning News: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज नवा रायपुर स्थित राज्योत्सव मेला स्थल का दौरा करेंगे। मुख्यमंत्री सुबह 11 बजे सिविल लाइन स्थित निवास से प्रस्थान कर 11:25 बजे राज्योत्सव स्थल पहुंचेंगे, जहां वे कार्यक्रम स्थल की तैयारियों का निरीक्षण करेंगे। मुख्यमंत्री मंच व्यवस्था, दर्शक दीर्घा, सुरक्षा, यातायात और सांस्कृतिक आयोजनों की समीक्षा करेंगे। दोपहर 1 बजे वे मंत्रालय महानदी भवन पहुंचेंगे और शाम 5 बजे तक कार्यालयीन कार्यों में व्यस्त रहेंगे। इसके बाद 5:20 बजे वे मुख्यमंत्री निवास लौटेंगे।
कांग्रेस ने कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार आने के बाद अपराधों में भारी वृद्धि हुई है। त्यौहार के तीन दिनों में 45 से अधिक चाकूबाजी और एक दर्जन हत्याओं की घटनाएं हुईं, जो प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था को दर्शाती हैं। उन्होंने कहा कि राजधानी रायपुर “चाकूपुर” बन चुका है, जबकि अन्य जिलों में भी अपराध बेकाबू हैं।
बैज ने आगे कहा कि नशे का कारोबार, डकैती, लूटपाट, अपहरण और बलात्कार जैसी घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। यहां तक कि जेलों के भीतर भी अपराधी गतिविधियां जारी हैं। उन्होंने कहा कि जनता कई जगह विरोध कर चुकी है, लेकिन सरकार विपक्ष की बात को राजनीति बताकर टाल देती है।
छठ पूजा के लिए चलेगी स्पेशल ट्रेन, 1055 सीटें खाली
रेलवे प्रशासन ने छठ पर्व को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त भीड़ को संभालने के लिए दुर्ग-पटना और गोंदिया-पटना के बीच एक फेरे की स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है।
25 अक्टूबर को दुर्ग-पटना ट्रेन में सेकंड एसी में 1, थर्ड एसी में 378, स्लीपर में 53 और इकोनॉमी कोच में 86 सीटें खाली हैं — कुल 517 सीटें उपलब्ध हैं। वहीं गोंदिया-पटना ट्रेन में सेकंड एसी में 11, थर्ड एसी में 1 और स्लीपर में 526 सीटें खाली हैं — कुल 538 सीटें यात्रियों के लिए उपलब्ध हैं।
सहकारी समिति के कर्मचारी आज करेंगे प्रदर्शन
राज्य की 2058 सहकारी समितियों के 15 हजार कर्मचारी अपनी चार सूत्रीय मांगों को लेकर आज (24 अक्टूबर) प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में प्रदर्शन करेंगे। छत्तीसगढ़ सहकारी समिति कर्मचारी महासंघ और धान खरीदी कंप्यूटर ऑपरेटर संघ के नेतृत्व में यह आंदोलन चार चरणों में चलेगा।
पहले चरण में आज जिला स्तरीय रैली और ज्ञापन सौंपा जाएगा, जबकि दूसरे चरण में 28 अक्टूबर को “महा हुंकार रैली” आयोजित होगी। तीसरे चरण में 3 से 11 नवंबर तक संभागीय स्तर पर आंदोलन चलेगा। मांगें पूरी न होने पर कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि वे धान खरीदी प्रक्रिया का बहिष्कार कर देंगे।
कर्मचारियों की प्रमुख मांगें:
- वर्ष 2023-24 और 2024-25 में खरीदे गए धान की संपूर्ण सूखत राशि समितियों को दी जाए।
- आउटसोर्सिंग व्यवस्था खत्म कर नियमित नियुक्ति की जाए।
- सहकारी समितियों को कर्मचारियों के वेतन के लिए प्रति वर्ष 3 लाख रुपये का प्रबंधकीय अनुदान दिया जाए।
- संविदा कर्मचारियों को सीधी भर्ती में प्राथमिकता और बोनस अंक दिए जाएं।
ड्राइवर महासंघ कल से करेगा चक्काजाम आंदोलन
छत्तीसगढ़ ड्राइवर महासंघ ने 25 अक्टूबर से अपनी 11 सूत्रीय मांगों को लेकर राज्यभर में “स्टेयरिंग छोड़ चक्काजाम आंदोलन” का ऐलान किया है। संगठन की मुख्य मांगों में ड्राइवर सुरक्षा कानून, वेलफेयर बोर्ड गठन, दुर्घटना बीमा, 10 लाख रुपये तक की स्वास्थ्य सुविधा, और पेंशन योजना शामिल हैं।
महासंघ ने कहा कि अगर सरकार ने जल्द समाधान नहीं किया तो राज्यव्यापी ट्रांसपोर्ट व्यवस्था प्रभावित होगी।
रायपुर में आज के प्रमुख कार्यक्रम
स्वास्थ्य शिविर:
संस्था – प्रजापति समाज
स्थान – वृंदावन कॉलोनी, रायपुरा
समय – सुबह 8 बजे से
विशेष सफाई अभियान:
संस्थान – छह महापर्व आयोजन समिति, महादेव घाट
स्थान – महादेव घाट
समय – सुबह 6 बजे से
