Chhattisgarh Congress Meeting: छत्तीसगढ़ कांग्रेस में बड़ा फेरबदल, दिवाली के बाद दिल्ली में होगी अहम बैठक, जिला अध्यक्षों की रिपोर्ट पर मंथन
Chhattisgarh Congress Meeting: छत्तीसगढ़ कांग्रेस संगठन में बड़ा बदलाव जल्द देखने को मिल सकता है। दिवाली के बाद प्रदेश कांग्रेस नेताओं की दिल्ली में पार्टी हाईकमान के साथ अहम बैठक तय की गई है। यह बैठक 23 अक्टूबर को होगी, जिसमें जिलाध्यक्षों की नियुक्ति को लेकर चर्चा की जाएगी।
प्रदेश के सभी 41 संगठन जिलों के लिए एआईसीसी (AICC) ने पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की थी, जिन्होंने जिलों का दौरा कर स्थानीय नेताओं, कार्यकर्ताओं और बुद्धिजीवियों से रायशुमारी की। सभी पर्यवेक्षकों ने अब अपनी रिपोर्ट पार्टी हाईकमान को सौंप दी है।
रायशुमारी पूरी, छह-छह नामों के पैनल तैयार
सूत्रों के मुताबिक, एक-दो जिलों को छोड़कर बाकी सभी जिलों से पर्यवेक्षकों ने छह-सदस्यीय पैनल तैयार किया है। वहीं, दुर्ग ग्रामीण जिला एकमात्र ऐसा क्षेत्र रहा, जहां निवर्तमान अध्यक्ष राकेश ठाकुर को दोबारा नियुक्त करने की अनुशंसा की गई है, क्योंकि यहां किसी अन्य नेता ने आवेदन नहीं किया था।
रायपुर शहर कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए सबसे अधिक 28 दावेदार सामने आए थे। इन 28 में से छह नामों का पैनल तैयार किया गया है।
दिल्ली में होगा बड़ा मंथन
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, 23 अक्टूबर को दिल्ली में होने वाली बैठक में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और संगठन प्रभारी महासचिव केसी वेणुगोपाल शामिल होंगे। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत और पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव मौजूद रहेंगे।
इस बैठक में पर्यवेक्षकों की रिपोर्ट पर चर्चा की जाएगी और प्रदेश के नेताओं से जिला अध्यक्षों को लेकर राय ली जाएगी। माना जा रहा है कि नवंबर के पहले सप्ताह में जिला अध्यक्षों की नई सूची जारी कर दी जाएगी।
बुद्धिजीवियों से भी ली गई राय
इस बार कांग्रेस ने अपने संगठनात्मक ढांचे में नया प्रयोग किया है। जिलाध्यक्ष चयन प्रक्रिया में पर्यवेक्षकों ने न सिर्फ कार्यकर्ताओं और स्थानीय नेताओं से बल्कि बुद्धिजीवियों से भी राय मांगी है, ताकि संगठन में नई ऊर्जा और संतुलित नेतृत्व लाया जा सके।
