सपना चौधरी कार्यक्रम विवाद: जश्न रिसॉर्ट मामले में करनदीप सिंह समेत तीन आरोपियों को अग्रिम जमानत

कोरबा । हरियाणवी लोकनृत्यांगना सपना चौधरी के कार्यक्रम के बाद हुए विवाद में प्रथम पक्ष के तीन आरोपियों को कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। होटल जश्न रिसॉर्ट में तोड़फोड़, मारपीट, लूटपाट और गोली मारने की धमकी के आरोप वाले इस मामले में न्यायालय ने अग्रिम जमानत प्रदान कर दी।

यह फैसला डॉ. ममता भोजवानी, अपर सत्र न्यायाधीश एफ.टी.एस.सी. (POCSO) कोरबा की अदालत ने सुनाया। मामला कोतवाली थाना अंतर्गत अपराध संख्या 748/2023 के तहत दर्ज है, जिसमें धारा 296, 115(2), 309(2), 3(5) भारतीय न्याय संहिता, 2023 लागू की गई हैं।

जमानत पाने वालों में करनदीप सिंह उर्फ कैनी (38 वर्ष), गुरबीर सिंह उर्फ गोल्डी (42 वर्ष) और ईशान सिंह (36 वर्ष) शामिल हैं। तीनों दर्री रोड, कोरबा के निवासी हैं। आवेदकों की ओर से वकील बलराम तिवारी ने कोर्ट में मजबूत तर्क दिए, जिसके आधार पर सशर्त अग्रिम जमानत मंजूर हुई।

क्या है पूरा मामला
12 अक्टूबर 2025 की रात जश्न रिसॉर्ट में सपना चौधरी का डांस शो हुआ था। कार्यक्रम खत्म होने के बाद रात करीब 12 से 1:30 बजे के बीच सपना अपनी टीम के साथ कमरे में आराम कर रही थीं। तभी आयोजक अमित, अनिल, युगल और सुजल अग्रवाल कमरे के बाहर पहुंचे।

पुलिस रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने दरवाजे पर जोर-जोर से लातें मारीं, गालियां बकीं, गोली मारने की धमकी दी और ज्यादा पैसे की मांग करते हुए झगड़ा शुरू कर दिया। मामला बढ़ा तो रिसॉर्ट मालिक करनदीप सिंह, उनके भाइयों और स्टाफ से भी मारपीट हो गई। इस दौरान तोड़फोड़ और लूटपाट की घटनाएं हुईं।

आयोजक अनिल द्विवेदी ने करनदीप सिंह व अन्य पर हमला और धमकी का आरोप लगाकर कोतवाली थाने में एफआईआर दर्ज कराई। करनदीप ने अग्रिम जमानत के लिए आवेदन किया, जिसकी सुनवाई के बाद कोर्ट ने राहत दी।

सिख समाज में भारी रोष
विवाद के दौरान करनदीप सिंह और उनके भाइयों के साथ मारपीट में सिख धार्मिक आस्था का प्रतीक “पगड़ी” उतारने की शर्मनाक घटना भी सामने आई। सिख समाज ने इसे असहनीय अपमान करार देते हुए तीव्र आक्रोश जताया है। समाज के नेताओं का कहना है, “पगड़ी सिख अस्मिता और सम्मान का प्रतीक है, इसका अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”

जानकारी के अनुसार, सिख समाज का एक प्रतिनिधिमंडल शीघ्र ही पुलिस अधीक्षक (SP) से मिलकर औपचारिक शिकायत दर्ज कराएगा। समाज इस घटना पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहा है।

Youthwings