ICC Awards: अभिषेक शर्मा और स्मृति मंधाना बने सितंबर के ICC प्लेयर ऑफ द मंथ
ICC Awards
ICC Awards: भारतीय क्रिकेट के लिए सितंबर का महीना शानदार रहा। एशिया कप 2025 में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले अभिषेक शर्मा को अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सम्मान मिला है। आईसीसी ने सितंबर 2025 के प्लेयर ऑफ द मंथ की घोषणा की, जिसमें पुरुष और महिला दोनों श्रेणियों में भारतीय खिलाड़ियों ने बाजी मारी। पुरुष वर्ग में अभिषेक शर्मा, जबकि महिला वर्ग में स्मृति मंधाना ने यह प्रतिष्ठित अवार्ड जीता।
एशिया कप के हीरो बने अभिषेक शर्मा
अभिषेक शर्मा ने एशिया कप 2025 में धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए 7 मैचों में 314 रन बनाए और उनका स्ट्राइक रेट रहा 200। वह टूर्नामेंट के सर्वाधिक रन स्कोरर रहे और उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का खिताब भी मिला था। हालांकि फाइनल मुकाबले में उनका बल्ला नहीं चला, लेकिन भारत ने खिताब जीतकर एशिया कप अपने नाम किया।
अभिषेक वर्तमान में आईसीसी टी20 बल्लेबाजी रैंकिंग में नंबर-1 पर हैं। उन्होंने ज़िम्बाब्वे के ब्रायन बेनेट और भारतीय स्पिनर कुलदीप यादव को पीछे छोड़ते हुए यह अवार्ड अपने नाम किया। अभिषेक ने कहा, “यह अवार्ड मेरे लिए खास है। मुझे खुशी है कि मैं टीम को अहम मैचों में जीत दिलाने में योगदान दे सका। मुश्किल परिस्थितियों में जीतने वाली टीम का हिस्सा होना गर्व की बात है।”
स्मृति मंधाना ने महिला वर्ग में मचाया धमाल
महिला वर्ग में स्मृति मंधाना ने शानदार प्रदर्शन करते हुए आईसीसी महिला प्लेयर ऑफ द मंथ (सितंबर 2025) का अवार्ड जीता। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू वनडे सीरीज में तीन मैचों में से दो में शतक लगाए। पहले मैच में उन्होंने 58 रन, दूसरे में 117 रन और तीसरे में शानदार 125 रन की पारी खेली। हालांकि सीरीज ऑस्ट्रेलिया ने 2-1 से जीती, लेकिन मंधाना के प्रदर्शन ने सभी को प्रभावित किया। स्मृति ने सितंबर महीने में कुल 4 मैचों में 77 की औसत और 135.68 की स्ट्राइक रेट से रन बनाए, जिससे वह पूरी तरह फॉर्म में नजर आईं।
