Balod News: स्वास्थ्य विभाग में एसीबी की बड़ी कार्रवाई, दो कर्मचारी 50 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार
Balod News
Balod News: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से बड़ी खबर सामने आई है, जहां एसीबी (भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो) की टीम ने स्वास्थ्य विभाग में कार्रवाई करते हुए दो कर्मचारियों को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से पूरे विभाग में हड़कंप मच गया है।
रिश्वत का मामला कैसे सामने आया
जानकारी के अनुसार, स्वास्थ्य विभाग में ड्राइवर के पद पर पदस्थ मुकेश यादव का कुछ समय पहले डिमोशन कर चौकीदार के पद पर तबादला कर दिया गया था। इस कार्रवाई के खिलाफ मुकेश यादव ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी, जहां से उसे स्टे ऑर्डर प्राप्त हुआ। इसके बाद मुकेश यादव को अपनी सर्विस बुक का सत्यापन और एरियर भुगतान से जुड़ी प्रक्रिया पूरी करनी थी। इस दौरान विभाग में पदस्थ सहायक ग्रेड-2 के दो कर्मचारी — युगल किशोर साहू और सुरेंद्र सोनकर ने उससे इस काम के बदले 50 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की।
एसीबी ने रंगे हाथों पकड़ा
रिश्वत की मांग से परेशान मुकेश यादव ने इसकी शिकायत एसीबी (Anti-Corruption Bureau) से की। शिकायत की पुष्टि के बाद एसीबी ने ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई।
पहले चरण में मुकेश यादव ने 20 हजार रुपये दोनों कर्मचारियों को दे दिए थे। गुरुवार को जब उसने बाकी 30 हजार रुपये देने पहुंचे, तभी एसीबी की टीम ने दबिश देकर दोनों कर्मचारियों को रंगे हाथों रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया।
दोनों आरोपी गिरफ्तार
एसीबी की टीम ने गिरफ्तार दोनों कर्मचारियों युगल किशोर साहू और सुरेंद्र सोनकर को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल दोनों से पूछताछ की जा रही है और यह भी जांच की जा रही है कि क्या विभाग के अन्य अधिकारी भी इस मामले में शामिल हैं।
विभाग में मचा हड़कंप
इस कार्रवाई के बाद बालोद के स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। कर्मचारियों और अधिकारियों में डर का माहौल है। एसीबी की टीम ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में भी ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई की जाएगी ताकि भ्रष्टाचार पर नकेल कसी जा सके।
