बिजली बिल बढ़ोतरी के खिलाफ कांकेर में युवा कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन, कलेक्टोरेट का घेराव

Youth Congress protest

Youth Congress protest

कांकेर। प्रदेश सरकार द्वारा बिजली बिलों में की गई बढ़ोतरी और हाफ-बिल योजना की सीमा समाप्त किए जाने के विरोध में बुधवार को युवा कांग्रेस ने कांकेर में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने “बिजली चोर, गद्दी छोड़” के नारे लगाए और विशाल सभा के बाद कलेक्टोरेट का घेराव किया। पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच कई बार जोरदार धक्का-मुक्की हुई। कुछ कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड तोड़े और तीसरे बैरिकेड पर पुलिस से टकराव हुआ। प्रशासन ने भारी पुलिस बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की। किसी के घायल होने की सूचना फिलहाल नहीं मिली है।

प्रदर्शन में युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदयराज भानु चिब, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, अमित पटानिया, विकास उपाध्याय, सावित्री मंडावी सहित कई पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने जनता पर बिजली दरों के माध्यम से अतिरिक्त बोझ डाल दिया है, जिससे महंगाई और जनता की कमाई पर असर पड़ा है।

प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा, “सरकार बनने के बाद दो साल में चार बार बिजली बिल बढ़ाए गए हैं। बिजली बिल-ऑफ योजना समाप्त कर जनता की कमाई को निशाना बनाया गया है। यदि बढ़े हुए बिल वापस नहीं लिए गए, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। जब तक बिजली सस्ती नहीं होती और जनता को राहत नहीं मिलती, यह विरोध जारी रहेगा और आवश्यकतानुसार उग्र कार्यक्रम किए जाएंगे।”

राष्ट्रीय अध्यक्ष उदयराज भानु चिब ने कहा कि बीजेपी शासन में बिजली लगातार महंगी हो रही है। कांग्रेस सरकार के समय 400 यूनिट बिजली आधे दाम में मिलती थी, जबकि आज वही बिल 2,500-3,000 रुपये तक पहुंच चुका है। उन्होंने कहा कि यह खेल बीजेपी नहीं खेलने देगी और इसलिए आज का विरोध किया गया।

उदयराज भानु ने आगे कहा, “बिजली चोरों को गद्दी छोड़नी पड़ेगी। छत्तीसगढ़ के लोगों पर लगातार टैक्स का बोझ क्यों डाला जा रहा है, जबकि जनता को भारी बिल देना पड़ रहा है। बीजेपी की यह नीतियां जनता को नुकसान पहुंचा रही हैं, लेकिन राहुल गांधी जी ने उनकी नीतियों की चोरी पकड़ ली है। अब जनता को इसका भुगतान नहीं करना पड़ेगा और हम भविष्य में वोट चोरी भी नहीं होने देंगे।”

 

Youthwings