महतारी एक्सप्रेस से ढोई जा रही सीमेंट की बोरियां…, एंबुलेंस से शराब की खेप बरामद, देखिए VIDEO
महतारी एक्सप्रेस से ढोई जा रही सीमेंट की बोरियां
बलौदाबाजार : राज्य में गर्भवती महिलाओं को अस्पताल तक पहुंचाने के लिए शुरू की गई महतारी एक्सप्रेस एंबुलेंस सेवा लगातार विवादों में घिरती जा रही है। बलौदाबाजार जिले के कसडोल क्षेत्र से एक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां इस एंबुलेंस का उपयोग सीमेंट की बोरियां ढोने के लिए किया गया। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है, जिससे लोगों में आक्रोश फैल गया है।
कसडोल में सीमेंट ढोने के लिए इस्तेमाल हुई एंबुलेंस
कसडोल क्षेत्र में सामने आए इस मामले ने प्रशासन की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिन वाहनों का इस्तेमाल गर्भवती महिलाओं को अस्पताल पहुंचाने जैसे मानवीय कार्यों के लिए होना चाहिए, वे अब निर्माण सामग्री ढोने में लगाए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों ने इस घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया, जिसके बाद यह मामला चर्चा में आया।
राजनांदगांव में एंबुलेंस से शराब की खेप बरामद
इसी बीच राजनांदगांव जिले के छुरिया थाना पुलिस ने भी महतारी एक्सप्रेस के नाम पर चल रही एक और अवैध गतिविधि का खुलासा किया है। पुलिस ने ग्राम पैरीटोला में नाकाबंदी के दौरान एक बोलेरो वाहन को पकड़ा, जो महतारी एक्सप्रेस एंबुलेंस के रूप में इस्तेमाल हो रहा था। तलाशी में वाहन से 16 पेटी अवैध महाराष्ट्र निर्मित देशी शराब (लगभग 138.240 लीटर) जब्त की गई।
आरोपी गिरफ्तार, 6 लाख से अधिक की जब्ती
पुलिस ने मौके से आरोपी इन्द्र कुमार उर्फ राहुल साहू को गिरफ्तार कर लिया। बरामद शराब और वाहन की कुल अनुमानित कीमत लगभग 6 लाख 53 हजार रुपये बताई जा रही है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है और उसे जेल भेज दिया गया है।
