हरियाणा में IPS के बाद ASI ने की आत्महत्या, सुसाइड नोट में लिखा – ‘आईपीएस पूरन कुमार ने किया परेशान’, DGP साहब ईमानदार
हरियाणा में IPS के बाद ASI ने की आत्महत्या
हरियाणा के रोहतक में साइबर सेल में तैनात एक एएसआई ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। पुलिस को घटनास्थल से तीन पन्नों का सुसाइड नोट और एक वीडियो मैसेज मिला है। मृतक एएसआई ने अपने सुसाइड नोट में दिवंगत आईपीएस अधिकारी वाई पूरन कुमार पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
सूत्रों के अनुसार, मृतक एएसआई किसी अहम जांच टीम का हिस्सा था, जो आईपीएस वाई पूरन कुमार के गनमैन सुशील कुमार से जुड़े एक मामले की जांच कर रही थी। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। फॉरेंसिक टीम ने सुसाइड नोट और वीडियो को अपने कब्जे में ले लिया है।
सुसाइड नोट में क्या लिखा था
एएसआई ने अपने सुसाइड नोट की शुरुआत में लिखा — “मैं संदीप कुमार, पुत्र दयानंद, गांव जुलाना (जींद) का निवासी हूं। मैंने हमेशा सच्चाई और ईमानदारी का साथ दिया है। मेरे दादा और छोटे दादाजी ने देश के लिए लड़ाई लड़ी थी, छोटे दादाजी सात साल तक बर्मा में कैद रहे। मेरे खून में देशभक्ति है और मैं भगत सिंह को अपना आदर्श मानता हूं।”
संदीप ने लिखा कि आज समाज में भ्रष्टाचार और जातिवाद सबसे बड़ी समस्या बन चुके हैं। हरियाणा में कुछ ईमानदार अफसरों के प्रयासों से भ्रष्टाचार पर नियंत्रण हुआ है, लेकिन “कुछ अधिकारी अब भी इस सिस्टम को जातिवाद के सहारे हाईजैक कर रहे हैं।”
आईपीएस वाई पूरन कुमार पर गंभीर आरोप
अपने सुसाइड नोट में एएसआई संदीप ने लिखा कि आईजी वाई पूरन कुमार के रोहतक रेंज में आने के बाद भ्रष्टाचार बढ़ गया। उन्होंने आरोप लगाया कि पूरन कुमार ने “ईमानदार अफसरों को दरकिनार कर भ्रष्ट पुलिसकर्मियों की तैनाती की, फाइलों के नाम पर पैसे वसूले और जातिवाद का जहर घोला।”
संदीप ने यह भी लिखा कि पूरन कुमार के गनमैन सुशील कुमार और एसआई सुनील पैसे ऐंठते थे। महिला पुलिसकर्मियों को ट्रांसफर के नाम पर बुलाकर यौन शोषण किया गया, वहीं व्यापारियों को धमकाकर रिश्वत ली गई।
उन्होंने लिखा —“पूरन कुमार कहा करते थे कि मेरा कुछ नहीं बिगाड़ सकता, क्योंकि मेरी पत्नी आईएएस है, साला एमएलए है और परिवार एससी आयोग में है। इसी ताकत के बल पर वे भ्रष्टाचार करते थे।”
‘भ्रष्ट सिस्टम के खिलाफ शहादत दी है’
सुसाइड नोट में एएसआई संदीप ने खुद को “भ्रष्ट सिस्टम के खिलाफ शहीद” बताया। उन्होंने लिखा कि उन्हें उम्मीद है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होगी और सच्चाई सामने आएगी। नोट में आगे कहा गया —“आईएएस पत्नी अपने भ्रष्टाचार और संपत्ति की जांच से बचने के लिए झूठा ढोंग कर रही है, लेकिन सच्चाई को दबाया नहीं जा सकता। यह देश और समाज के लिए जरूरी लड़ाई है। अगर मेरी एक जान से सच्चाई की जीत होती है तो यह कुर्बानी व्यर्थ नहीं जाएगी।”अंत में उन्होंने लिखा — “मेरे जैसे सौ लोग भी कुर्बान हो जाएं, लेकिन देश नहीं झुकेगा। सच्चाई की जीत जरूर होगी।”
दिवंगत आईपीएस वाई पूरन कुमार ने भी की थी आत्महत्या:
गौरतलब है कि हरियाणा पुलिस के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी वाई पूरन कुमार ने भी 7 अक्टूबर 2025 को चंडीगढ़ स्थित अपने सरकारी आवास में खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी। अपने सुसाइड नोट में उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों पर परेशान करने और शिकायतों को दबाने के आरोप लगाए थे।
