बेमेतरा की बेटियों ने बढ़ाया प्रदेश का मान: राष्ट्रीय गतका प्रतियोगिता में जीते चार स्वर्ण सहित 17 पदक
बेमेतरा: जिले की कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय की छात्राओं ने इतिहास रच दिया है। 13वीं राष्ट्रीय गतका चैंपियनशिप में विद्यालय की चार बालिकाओं ने स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। इस प्रतियोगिता में बेमेतरा की टीम ने बालिका वर्ग में द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में जिले से कुल 19 बालिकाओं ने भाग लिया, जिनमें से 17 ने पदक हासिल किए। इनमें से 10 विजेता छात्राएँ कस्तूरबा गांधी विद्यालय की हैं।
स्वर्ण पदक विजेता छात्राएँ — दामिनी, आंचल, राधिका और सृष्टि,
रजत पदक विजेता — चांद और खुशबू,
कांस्य पदक विजेता — जागेश्वरी, मुकेश्वरी और रेशमा रहीं।
विद्यालय की पीटीआई नेहा वर्मा ने बताया कि छात्राओं ने देशभर के 12 राज्यों से आए खिलाड़ियों को हराकर बेहतरीन प्रदर्शन किया। वहीं, विद्यालय की अधीक्षिका भारती घृतलहरे ने कहा कि यह उपलब्धि बालिकाओं की नियमित मेहनत, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण का परिणाम है।
उन्होंने बताया कि विद्यालय में पढ़ने वाली अधिकांश छात्राएँ ग्रामीण पृष्ठभूमि से आती हैं, जो यहाँ रहकर शिक्षा और खेल दोनों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं। इनमें से दो छात्राएँ जागेश्वरी और चांद पर खेल मंत्रालय द्वारा डॉक्यूमेंट्री फिल्म भी बनाई गई है।
विद्यालय की शिक्षिकाएँ ममता गुरुपंच, राजकिरण मिश्रा, गायत्री साहू, विजयलक्ष्मी परगनिया, सावित्री यादव, दीप्ति नौरंगे और अनीता साहू ने सभी छात्राओं को सफलता के लिए शुभकामनाएँ दीं और अभिभावकों को भी बधाई दी, जिन्होंने अपनी बेटियों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
