सोशल मीडिया पर लड़की बनकर करते थे ठगी, 11 शातिर गिरफ्तार
रायपुर। सोशल मीडिया पर किसी अनजान लड़की से दोस्ती करना अब जोखिम भरा साबित हो सकता है। राजधानी रायपुर की साइबर पुलिस ने ऐसे ही एक ठगी गैंग का भंडाफोड़ किया है जो सोशल मीडिया पर लड़कियों की फेक आईडी बनाकर लड़कों को प्यार के जाल में फंसाकर उनसे पैसे ऐंठते थे। पुलिस ने झारखंड के जमशेदपुर और छत्तीसगढ़ के बिलासपुर से कुल 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। चौंकाने वाली बात यह है कि इन फेक प्रोफाइल्स के 50 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स थे।
फेक प्रोफाइल बनाकर करते थे भावनात्मक ठगी
पुलिस की जांच में पता चला है कि ये ठग सोशल मीडिया पर खूबसूरत लड़कियों की AI से तैयार की गई तस्वीरें पोस्ट करते थे और उन्हें फेक प्रोफाइल के रूप में इस्तेमाल करते थे। फिर शादी या दोस्ती के नाम पर भावनात्मक बातें करके लड़कों को अपने जाल में फंसाते थे। कई बार ये लड़कियों की आवाज़ बदलने वाले ऐप का इस्तेमाल कर, लड़कियों की आवाज़ में कॉल या वॉइस मैसेज भेजते थे ताकि सामने वाले को शक न हो। धीरे-धीरे भरोसा जीतने के बाद ये रजिस्ट्रेशन फीस, बात कराने का शुल्क या गिफ्ट भेजने के बहाने पैसे ठग लेते थे।
झारखंड से लेकर छत्तीसगढ़ तक फैला गैंग
रायपुर रेंज साइबर पुलिस ने बताया कि इस गैंग का संचालन जमशेदपुर (झारखंड) के शुभम दास और लक्ष्मण गोप नामक दो युवकों ने शुरू किया था। धीरे-धीरे इस गिरोह में बिलासपुर और आसपास के इलाके के 9 युवक भी शामिल हो गए। ये सभी मिलकर सोशल मीडिया पर “मैट्रिमोनियल” और “फ्रेंडशिप” के नाम पर लोगों को फंसाते थे। पुलिस ने बताया कि ठगी की रकम को ये म्यूल अकाउंट्स (फर्जी खातों) में ट्रांसफर करते थे, जिससे असली ठगों तक पहुंचना मुश्किल हो जाता था।
म्यूल अकाउंट केस से खुला राज
रायपुर साइबर पुलिस की टीम जब एक म्यूल अकाउंट केस की जांच कर रही थी, तब इस पूरे नेटवर्क का खुलासा हुआ। ठगी की रकम का पता लगाते हुए पुलिस इस गैंग तक पहुंची। पूछताछ में सामने आया कि ये ठग वॉइस चेंज एप्लीकेशन के जरिए लड़कियों की आवाज में बातें करते थे और प्यार भरी बातों से लोगों का विश्वास जीतते थे।
ऐसे फंसाते थे लोगों को जाल में
-
सोशल मीडिया पर शादी और दोस्ती के नाम पर पोस्ट डालते थे।
-
खूबसूरत लड़कियों की AI जनरेटेड तस्वीरें शेयर करते थे।
-
फेक आईडी बनाकर लड़कों को प्यार और शादी का झांसा देते थे।
-
रजिस्ट्रेशन या बातचीत के नाम पर पैसे ठगते थे।
-
लड़कियों की आवाज बदलकर कॉल और चैटिंग करते थे।
पुलिस ने की चेतावनी जारी
रायपुर साइबर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी अनजान व्यक्ति से निजी जानकारी साझा न करें।
पुलिस ने कहा कि यदि कोई संदिग्ध प्रोफाइल दोस्ती या शादी के नाम पर पैसे मांगता है, तो तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत करें।
