संवाद कार्यालय में अभद्रता, अधिकारी-कर्मचारी संघ ने मुख्यमंत्री से की कार्रवाई की मांग
रायपुर। छत्तीसगढ़ संवाद कार्यालय, नवा रायपुर में विभागीय अपर संचालक संजय तिवारी के साथ हुई अभद्रता, झूमा-झटकी, गाली-गलौज और कार्यालय में तोड़फोड़ की घटना के विरोध में आज छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन और छत्तीसगढ़ जनसंपर्क अधिकारी संघ का संयुक्त प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि यह घटना केवल एक अधिकारी पर हमला नहीं, बल्कि शासन-प्रशासन की संस्थागत गरिमा और अनुशासन पर प्रहार है।
पत्रकारिता के नाम पर भय और दबाव
फेडरेशन के संयोजक कमल वर्मा ने कहा कि पत्रकारिता की आड़ में भयादोहन और ब्लैकमेलिंग की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता की स्वतंत्रता लोकतंत्र की आत्मा है, लेकिन डर और दबाव का माहौल बनाना वास्तविक पत्रकारिता का अपमान है। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से राज्य में शासकीय कर्मचारियों की सुरक्षा हेतु सशक्त कानून बनाने की मांग की, ताकि अधिकारी और कर्मचारी भयमुक्त होकर जनहित के कार्य कर सकें और असामाजिक तत्वों को कठोर दंड मिले।
सुरक्षा व्यवस्था और प्रवेश नियंत्रण
कमल वर्मा ने यह भी अनुरोध किया कि सभी शासकीय कार्यालयों, विशेषकर इंद्रावती भवन में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की जाए। उन्होंने कहा कि सभी प्रवेश द्वार पर सुरक्षा जांच के लिए आवश्यक उपकरण स्थापित किए जाएँ, ताकि अधिकारी और कर्मचारी अपने शासकीय दायित्व निर्विघ्नता से निभा सकें।
जनसंपर्क विभाग की भूमिका और हमले का विरोध
छत्तीसगढ़ राजपत्रित अधिकारी संघ के प्रवक्ता एवं छत्तीसगढ़ जनसंपर्क अधिकारी संघ के अध्यक्ष बालमुकुंद तंबोली ने कहा कि कार्यालय में हिंसक व्यवहार, झूमा-झटकी, गाली-गलौज और घर जाकर धमकी देना अस्वीकार्य है। ऐसी घटनाओं से अधिकारियों का मनोबल प्रभावित होता है और शासन-प्रशासन की कार्यकुशलता पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। जनसंपर्क विभाग सरकार और जनता के बीच विश्वास का सेतु है। पत्रकारिता के नाम पर अधिकारी पर हमला लोकतंत्र और शासन की गरिमा पर आघात है।
पूर्व कार्रवाई और आवश्यक कदम
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि अभद्रता करने वाले तत्वों के विरुद्ध पूर्व में भी कार्रवाई हुई है, लेकिन अब भी कुछ लोग पत्रकारिता की आड़ लेकर अधिकारियों को धमका रहे हैं। ऐसे लोगों पर सख्त कार्रवाई आवश्यक है।
मुख्यमंत्री का आश्वासन
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि दोषियों को किसी भी सूरत में नहीं बख्शा जाएगा। राज्य सरकार इस प्रकार की घटनाओं को बर्दाश्त नहीं करेगी और आवश्यक कार्रवाई अवश्य होगी।
भेंट में शामिल अधिकारी
मुख्यमंत्री से भेंट में जनसंपर्क विभाग के अपर संचालक जे. एल. दरियो, उमेश मिश्रा, संयुक्त संचालक पवन गुप्ता, उपसंचालक घनश्याम केशरवानी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
