Earthquake in Philippines: 7.6 तीव्रता के भूकंप से हिली धरती, सुनामी की आशंका से दहशत
Earthquake in Philippines
Earthquake in Philippines: दक्षिणी फिलीपींस में शुक्रवार सुबह भूकंप के तेज झटकों से जमीन हिल गई। भूकंप की तीव्रता 7.6 रिक्टर स्केल दर्ज की गई है, जिसके बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल फैल गया।
भूकंप का केंद्र मिंडानाओ क्षेत्र में लगभग 50 किलोमीटर की गहराई पर बताया जा रहा है।
नेशनल सेंटर फॉर सिस्मॉलॉजी (NCS) के अनुसार, इस भूकंप की तीव्रता 7.3 बताई गई है, जबकि अन्य एजेंसियों ने इसे 7.6 मापा है। भूकंप इतना शक्तिशाली था कि कई घर और इमारतें जोर से हिलने लगीं, जिससे लोग घबराकर सड़कों पर निकल आए।
समुद्र में उठीं ऊंची लहरें, सुनामी चेतावनी जारी
होनोलूलू स्थित प्रशांत सुनामी चेतावनी केंद्र ने बताया कि भूकंप के केंद्र से 300 किलोमीटर के दायरे में समुद्र में ऊंची और खतरनाक लहरें उठने की संभावना है।
हालांकि, फिलहाल सुनामी का कोई बड़ा खतरा नहीं बताया जा रहा है, लेकिन तटीय इलाकों में एहतियात बरतने के निर्देश जारी किए गए हैं।
अस्पतालों से भागे मरीज, सामने आया खौफनाक वीडियो
भूकंप के झटके इतने तेज थे कि अस्पतालों और दुकानों में अफरा-तफरी मच गई। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि लोग इमारतों से भागकर बाहर निकल रहे हैं।
अस्पताल के बाहर मरीज, डॉक्टर और कर्मचारी चीखते-चिल्लाते नजर आए। दुकानों में रखा सामान नीचे गिर गया और एक्वेरियम का पानी बाहर छलक पड़ा।
सितंबर में आया था घातक भूकंप, गई थीं 72 जानें
फिलीपींस में यह इस साल का दूसरा बड़ा भूकंप है। सितंबर 2025 में सेबू द्वीप पर आए 6.9 तीव्रता के भूकंप में 72 लोगों की मौत हुई थी।
विशेषज्ञों के मुताबिक, फिलीपींस ‘रिंग ऑफ फायर’ यानी उस भूकंपीय क्षेत्र में स्थित है जहां ज्वालामुखी विस्फोट और भूकंप आम हैं। यही वजह है कि यहां अक्सर धरती कांपती रहती है।
कहां है फिलीपींस?
फिलीपींस दक्षिण-पूर्व एशिया में स्थित एक द्वीपसमूह देश है, जो प्रशांत महासागर में स्थित है। यह इंडोनेशिया के उत्तर और वियतनाम के पूर्व में बसा हुआ है।
देश में 7,641 द्वीप हैं, जिनमें लूजोन, मिंडानाओ और विसायास प्रमुख हैं। इसकी राजधानी मनीला है।
लोगों में अब भी डर का माहौल
भूकंप के बाद स्थानीय प्रशासन और राहत एजेंसियां स्थिति का जायजा ले रही हैं। अब तक किसी बड़ी जनहानि की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन लोगों के मन में भय का माहौल बना हुआ है।
