Chhattisgarh Morning News: छत्तीसगढ़ में आज सियासी और प्रशासनिक हलचल तेज, सीएम तीन जिलों के दौरे पर, संविदा कर्मचारी करेंगे घेराव, कल होगी कैबिनेट बैठक

Chhattisgarh Morning News

Chhattisgarh Morning News

Chhattisgarh Morning News: छत्तीसगढ़ में आज का दिन राजनीतिक और प्रशासनिक गतिविधियों से भरा रहेगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज रायपुर, कोरबा और बेमेतरा जिलों के दौरे पर रहेंगे। वहीं प्रदेशभर के विद्युत संविदा कर्मचारी आज बिजली मुख्यालय का घेराव करेंगे। 12 अक्टूबर को कलेक्टर कॉन्फ्रेंस होने जा रही है, जबकि कल यानी 10 अक्टूबर को नवा रायपुर में कैबिनेट बैठक आयोजित होगी। इसी बीच AICC के पर्यवेक्षक प्रफुल्ल गुडाधे भी आज प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे।

सीएम विष्णुदेव साय का तीन जिलों का दौरा

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज रायपुर, कोरबा और बेमेतरा जिलों का दौरा करेंगे। रायपुर में वह ‘सुजलाम भारत जल संरक्षण एवं जल संवर्धन’ पर आयोजित कार्यशाला में शामिल होंगे। इसके बाद सीएम साय कोरबा रवाना होंगे, जहां वे भगवान सहस्त्रबाहु चौक के भूमिपूजन कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।
कोरबा में सीएम वीर शहीद सीताराम कंवर की मूर्ति अनावरण कार्यक्रम में शामिल होंगे और आमसभा को भी संबोधित करेंगे। इसके बाद वे बेमेतरा पहुंचेंगे, जहां विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे तथा हितग्राही सम्मेलन में भाग लेंगे।

AICC पर्यवेक्षक प्रफुल्ल गुडाधे की प्रेस कॉन्फ्रेंस

कांग्रेस की ओर से आज AICC पर्यवेक्षक प्रफुल्ल गुडाधे प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। सुबह 11 बजे होने वाली इस पीसी में वे रायपुर जिला कांग्रेस अध्यक्ष को लेकर चर्चा करेंगे।
गुडाधे जिला कांग्रेस अध्यक्ष, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के ऑब्जर्वर, जिला नेताओं और वर्किंग कमेटी के सदस्यों से मुलाकात करेंगे। माना जा रहा है कि इस बैठक में संगठन को लेकर महत्वपूर्ण फैसले लिए जा सकते हैं।

12 अक्टूबर को कलेक्टर कॉन्फ्रेंस

प्रदेश में 12 अक्टूबर को कलेक्टर कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएगी। इसमें धान खरीदी, गिरदावरी, स्वास्थ्य, शिक्षा समेत कुल 18 एजेंडों पर चर्चा होगी।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सभी जिलों के कलेक्टरों से सीधी चर्चा करेंगे। इस दौरान विभागवार एजेंडों पर संबंधित विभागों की प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी। शासन की ओर से सभी कलेक्टरों और संभागायुक्तों को बैठक में उपस्थिति के निर्देश दिए गए हैं।

10 अक्टूबर को कैबिनेट बैठक

नवा रायपुर के मंत्रालय में कल कैबिनेट बैठक होगी। बैठक की अध्यक्षता मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे।
इस बैठक में राज्योत्सव की तैयारियों, धान खरीदी और अन्य प्रशासनिक मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। साथ ही राज्य के विकास और प्रशासनिक कार्यों की प्रगति पर भी समीक्षा होगी।

बीजेपी में सहयोग केंद्र का चौथा दिन

भाजपा के सहयोग केंद्र का आज चौथा दिन है। मंत्री गुरु खुशवंत साहेब आज कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में जनता से मिलेंगे और उनकी समस्याएं सुनेंगे।
यह केंद्र जनता और कार्यकर्ताओं के लिए अपनी समस्याएं और सुझाव सीधे सरकार तक पहुँचाने का माध्यम बना हुआ है।

विद्युत संविदा कर्मचारी करेंगे घेराव

प्रदेशभर के विद्युत संविदा कर्मचारी आज बिजली मुख्यालय का घेराव करेंगे। वे नियमितीकरण समेत चार सूत्री मांगों को लेकर प्रदर्शन करेंगे।
संविदा कर्मचारियों का यह आंदोलन चरणबद्ध तरीके से चल रहा है। अब यह तीसरे चरण में पहुँच चुका है। आंदोलनकारी 18 अक्टूबर से प्रदेशभर में अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार पर जाने की चेतावनी भी दे चुके हैं।

Youthwings