समय पर एंबुलेंस नहीं मिलने पर ‘राष्ट्रपति के दत्तक पुत्र’ की मौत, राज्यपाल के प्रोटोकाल में लगी थी गाड़ी

अंबिकापुर। सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल विशेष संरक्षित जनजाति पहाड़ी कोरवा युवक गुड्डू कोरवा (34) की मौत ने मंगलवार को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में तनावपूर्ण माहौल पैदा कर दिया। मृतक के स्वजन ने अस्पताल प्रबंधन और राज्य सरकार पर समय पर एंबुलेंस उपलब्ध नहीं कराने का आरोप लगाया। कांग्रेस नेताओं के साथ स्वजन ने अस्पताल परिसर में शव रखकर जोरदार प्रदर्शन किया।

घटना का पूरा मामला

बलरामपुर जिले के राजपुर ब्लॉक के ग्राम ककना निवासी गुड्डू कोरवा शनिवार को अपने साथी के साथ ग्राम घटगांव जा रहे थे। लौटते समय बाइक सड़क किनारे मुरूम के ढेर से टकरा गई। गंभीर रूप से घायल गुड्डू को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उसकी स्थिति गंभीर देख रविवार दोपहर उसे रायपुर रेफर करने की सलाह दी।

लेकिन गंभीर स्थिति में वेंटिलेटर युक्त एंबुलेंस 24 घंटे तक उपलब्ध नहीं हो सकी, क्योंकि अस्पताल की एंबुलेंस राज्यपाल के प्रोटोकॉल ड्यूटी में लगी थी। इस लापरवाही के कारण मरीज की रायपुर जाते समय मौत हो गई।

प्रदर्शन और मुआवजे की मांग

मृतक के स्वजन ने कहा कि उन्होंने बार-बार मंत्री, सांसद और अधिकारी से मदद मांगी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने कहा कि यह सरकारी स्वास्थ्य तंत्र की गंभीर लापरवाही और संवेदनहीनता का उदाहरण है। उन्होंने मृतक के परिवार को तुरंत मुआवजा देने की मांग की।

स्वजन और प्रदर्शनकारियों ने अस्पताल प्रबंधन की संवेदनहीनता को सीधे तौर पर “गैरइरादतन हत्या” करार दिया। प्रशासन ने समझाइश देने के बाद स्वजन को मना कर पोस्टमार्टम कराया और जांच व मुआवजे का आश्वासन दिया।

सरकारी जवाब

मेडिकल कॉलेज अस्पताल के अधीक्षक डॉक्टर आरसी आर्या ने कहा कि मरीज की स्थिति गंभीर थी और विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उसे स्थिर करने के बाद ही हायर सेंटर भेजा गया। उन्होंने एंबुलेंस की देर का कारण प्रोटोकॉल ड्यूटी बताया और कहा जैसे ही एंबुलेंस लौटी, मरीज को रायपुर भेज दिया गया।

विशेष संरक्षित जनजाति से संबंध रखने वाले इस युवक की मौत ने न सिर्फ प्रशासनिक तंत्र की संवेदनहीनता पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि यह भी दिखा दिया है कि वीआईपी प्रोटोकॉल के आगे आमजन की जिंदगी कितनी सस्ती हो चुकी है।

Youthwings