भारत ने रचा नया इतिहास: पैरा एथलेटिक्स में 22 पदक जीतकर तोड़े सभी रिकॉर्ड, प्रधानमंत्री मोदी ने दी बधाई
नई दिल्ली — प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत के पैरा एथलीटों के शानदार प्रदर्शन की सराहना करते हुए विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 को भारत के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता में देश का अब तक का सबसे बेहतरीन प्रदर्शन देश के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा।
भारत ने इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में कुल 22 पदक (6 स्वर्ण, 9 रजत, और 7 कांस्य) अपने नाम किए, जो कि पिछले रिकॉर्ड — कोबे 2024 में जीते गए 17 पदकों — से कहीं बेहतर है। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ (पूर्व ट्विटर) पर पदक विजेता एथलीटों की एक तस्वीर साझा करते हुए लिखा:
“हमारे पैरा एथलीटों का ऐतिहासिक प्रदर्शन! इस साल की विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप बेहद खास रही। भारतीय दल ने अपना अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया, जिसमें 6 स्वर्ण पदक सहित कुल 22 पदक जीते। हमारे एथलीटों को ढेरों बधाइयाँ। उनकी सफलता निश्चय ही लाखों लोगों को प्रेरित करेगी। मुझे हमारे दल के प्रत्येक सदस्य पर गर्व है और मैं उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूं।”
पहली बार भारत में हुई इस वैश्विक प्रतियोगिता की मेज़बानी
यह पहली बार था जब भारत ने विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप जैसे वैश्विक स्तर के आयोजन की मेजबानी की। इस प्रतियोगिता में 100 से अधिक देशों के 2,200 से ज्यादा खिलाड़ी और सहयोगी स्टाफ शामिल हुए और उन्होंने 186 स्पर्धाओं में भाग लिया।
प्रधानमंत्री ने इस पर टिप्पणी करते हुए कहा:
“दिल्ली में इस बड़े टूर्नामेंट की मेजबानी करना भी भारत के लिए गर्व की बात है। मैं इस आयोजन का हिस्सा बने सभी देशों के एथलीटों और सहयोगी स्टाफ का आभार व्यक्त करता हूं।”
