Youth Congress Protest: बढ़ते बिजली बिलों के खिलाफ प्रदेशव्यापी महाआंदोलन, रायपुर समेत सभी जिलों में युवा कांग्रेस गरजी

Youth Congress Protest

Youth Congress Protest

रायपुर। Youth Congress Protest: छत्तीसगढ़ में बढ़ते बिजली बिलों और भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ आज युवा कांग्रेस ने प्रदेशभर में जोरदार प्रदर्शन किया। राजधानी रायपुर समेत सभी जिलों और विधानसभा क्षेत्रों में विशाल हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। आंदोलन की गूंज सड़क से लेकर चौक-चौराहों तक सुनाई दी।

रायपुर में तीन विधानसभाओं के अंतर्गत चार प्रमुख स्थानों पर आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश प्रभारी अमित सिंह पठानिया, सह प्रभारी मोनिका मंडारे और प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा ने कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया। हजारों लोगों ने बिजली बिलों में बढ़ोतरी का विरोध करते हुए हस्ताक्षर किए और भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

कार्यक्रम के दौरान हर तरफ “बिजली बिल कम करो – भाजपा सरकार मुर्दाबाद” के नारे गूंजते रहे। जनता और कार्यकर्ताओं के आक्रोश ने साफ संकेत दिया कि अब भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा ने कहा— “भाजपा सरकार जनता पर लगातार बिजली बिलों का बोझ डाल रही है। कांग्रेस सरकार के दौरान 200 यूनिट तक मुफ्त बिजली की राहत दी गई थी, लेकिन भाजपा ने न सिर्फ योजना बंद की बल्कि बिजली के दाम लगातार बढ़ाती रही। महंगाई से त्रस्त जनता को अब बिजली बिलों के नाम पर लूटा जा रहा है।”

उन्होंने आगे कहा— “29 सितंबर को हमने ब्लॉक स्तर पर बिजली कार्यालयों के सामने बिल जलाकर विरोध दर्ज कराया था। आज विधानसभा स्तर पर हस्ताक्षर अभियान चलाकर जनता की आवाज को बुलंद किया है। आने वाले दिनों में यह आंदोलन और भी उग्र रूप लेगा। युवा कांग्रेस गाँव-गाँव, गली-गली जाकर भाजपा सरकार के खिलाफ जनता की लड़ाई लड़ेगी और संघर्ष तब तक जारी रहेगा जब तक आमजन को राहत नहीं मिलती।”

युवा कांग्रेस नेताओं ने साफ चेतावनी दी कि अगर भाजपा सरकार ने जनता पर बोझ डालना बंद नहीं किया, तो विधानसभा से लेकर सड़कों तक केवल एक ही आवाज गूंजेगी – “जनता की बिजली जनता को लौटाओ।”

इस अवसर पर मुख्य रूप से प्रदेश प्रभारी अमित सिंह पठानिया, सह प्रभारी मोनिका मंडारे, प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा, संगठन महासचिव गुलजेब अहमद, आदिल आलम खैरानी, आस मोहम्मद, विराज चंद्राकर, दीक्षा पांडे, जिला अध्यक्ष विनोद कश्यप, विधानसभा अध्यक्ष आजाद वर्मा, नवाज खान सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता और आम नागरिक मौजूद रहे।

Youthwings