Mahatari Vandan Yojana: अमित शाह ने 20वीं किश्त की जारी, 606 करोड़ रुपये सीधे हितग्राहियों के खाते में ट्रांसफर
बस्तर दशहरा के ऐतिहासिक आयोजन के दौरान केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने जनता को एक बड़ी खुशखबरी दी। स्वदेशी मेले के मंच से उन्होंने महतारी वंदन योजना के हितग्राहियों के खाते में 606 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सिंगल क्लिक के जरिए ट्रांसफर की। हितग्राहियों को जैसे ही उनकी 20वीं किश्त मिल गई, उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। दशहरे के बाद अब दीपावली का त्यौहार आने वाला है, और इस योजना की किश्त मिलने से महिलाओं में उत्साह बढ़ गया है।
महतारी वंदन योजना की 20वीं किश्त का विमोचन
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के बस्तर दौरे को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सरकार ने पहले ही यह निर्णय लिया था कि महतारी वंदन योजना की 20वीं किश्त शाह के हाथों से ही जारी की जाएगी। जब अमित शाह छत्तीसगढ़ पहुंचे, तो राज्य प्रशासन ने राशि हितग्राहियों के खातों में ट्रांसफर करने की पूरी तैयारी कर ली थी।
महतारी वंदन योजना क्या है?
महतारी वंदन योजना मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना है। इस योजना के तहत हर लाभार्थी महिला को प्रति माह 1,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। विधानसभा और लोकसभा चुनावों में बीजेपी ने इस योजना का जोर-शोर से प्रचार किया था और इसे प्रधानमंत्री मोदी की गारंटी में भी शामिल किया गया था। जनता ने इस योजना को स्वीकार करते हुए बीजेपी को भारी बहुमत से विजयी बनाया। 20वीं किश्त जारी होने से पहले तक इस योजना के तहत महिलाओं के खाते में कुल 12,376 करोड़ 19 लाख रुपये जमा किए जा चुके हैं।
