Zubeen Garg Death: जुबीन गर्ग मौत मामले में चार गिरफ्तारी, कई करीबियों से पूछताछ जारी
Zubeen Garg Death
Zubeen Garg Death: असम सरकार ने लोकप्रिय गायक जुबीन गर्ग की मौत की जांच के लिए न्यायिक आयोग का गठन कर दिया है। आयोग इस पूरे मामले की गहन जांच करेगा और यह पता लगाने की कोशिश करेगा कि उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे वास्तविक कारण क्या था।
गौरतलब है कि इस मामले की जांच सीआईडी की एसआईटी भी कर रही है। जांच टीम ने अब तक कई करीबियों से पूछताछ की है। इनमें फेस्टिवल आयोजक श्यामकानु महंत और जुबीन के मैनेजर सिद्धार्थ शर्मा भी शामिल हैं। दोनों से घंटों पूछताछ की गई थी। इसके अलावा जुबीन के चचेरे भाई संदीपन गर्ग से भी पूछताछ हुई है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अहम सबूत
सिंगापुर के अधिकारियों ने भारतीय उच्चायोग को जुबीन गर्ग की पोस्टमार्टम रिपोर्ट सौंप दी है। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि मौत से पहले के 48 घंटों में आखिर क्या कुछ हुआ। इसी दौरान जुबीन का हैंडबैग भी बरामद किया गया है, जिसमें दस्तावेज और दवाइयां मिली हैं।
चार गिरफ्तारियां
सूत्रों के मुताबिक, SIT ने जुबीन के बैंडमेट शेखर ज्योति गोस्वामी और को-सिंगर अमृतप्रभा महंत को गिरफ्तार किया है। यानी अब तक इस मामले में कुल चार लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। दोनों से लगातार छह दिनों से पूछताछ चल रही है। जांच एजेंसियां इनसे अलग-अलग तरीके से पूछताछ कर रही हैं।
हादसे के दौरान मौजूद थे साथी
सूत्रों का कहना है कि गोस्वामी और महंत 19 सितंबर को नॉर्थ ईस्ट इंडिया फेस्टिवल के दौरान क्रूज पार्टी में जुबीन गर्ग के साथ मौजूद थे। वीडियो फुटेज में गोस्वामी को गर्ग के करीब तैरते हुए देखा गया, जबकि महंत ने घटना को अपने मोबाइल में रिकॉर्ड किया था।
हत्या का मामला दर्ज
बीते गुरुवार को आयोजक श्यामकानु महंत और मैनेजर सिद्धार्थ शर्मा के खिलाफ हत्या, गैर-इरादतन हत्या, आपराधिक षड्यंत्र और लापरवाही से मौत का कारण बनने जैसी धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। सीआईडी के विशेष पुलिस महानिदेशक मुन्ना गुप्ता ने कहा कि मामले की जांच चल रही है और आईपीसी की धारा 103 (हत्या) के तहत आरोप जोड़े गए हैं।
