समारोह के दौरान कांग्रेस-बीजेपी कार्यकर्ताओं में भिड़ंत, गोलियां चलीं, कई घायल

जबलपुर। शहर के कांचघर इलाके में बीती रात कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच जमकर विवाद हुआ। चल समारोह के दौरान शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते बेकाबू हो गई और दोनों गुटों के बीच गोलियां चल गईं। कई राउंड फायरिंग होने के बाद मौके पर भगदड़ मच गई। घटना का वीडियो भी सामने आया है।

पुलिस की दखल से स्थिति नियंत्रित

मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, फायरिंग के बाद माहौल इतना बिगड़ गया कि कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे पर कुर्सियां फेंकना शुरू कर दिया। कुछ ही देर में स्थिति इतनी खराब हो गई कि अतिरिक्त पुलिस बल बुलाना पड़ा। पुलिस ने मोर्चा संभालकर हालात को शांत किया। इस झगड़े में कई लोग घायल हुए हैं, हालांकि पुलिस ने अभी तक इस मामले में आधिकारिक बयान नहीं दिया है।

नेताओं की मौजूदगी में भड़का विवाद

जानकारी के मुताबिक, जब घटना हुई उस समय कांग्रेस विधायक लखन घनघोरिया और पूर्व भाजपा विधायक अंचल सोनकर भी मौके पर मौजूद थे। बताया जा रहा है कि सोनकर पहले से दुर्गा पंडाल में बैठे थे, तभी वहां कांग्रेस विधायक लखन घनघोरिया पहुंचे। इसी दौरान कार्यकर्ताओं के बीच टिप्पणीबाजी शुरू हुई और विवाद बढ़ते-बढ़ते हिंसक झगड़े और फायरिंग तक पहुंच गया।

 

Youthwings