कोरबा कलेक्टर नहीं हटे, अपनी ही सरकार के खिलाफ आज धरने पर बैठेंगे BJP नेता ननकीराम कंवर
रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व गृहमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता ननकीराम कंवर शनिवार को अपनी ही सरकार के खिलाफ राजधानी रायपुर में धरने पर बैठने जा रहे हैं। कंवर कोरबा जिला कलेक्टर अजीत वसंत को हटाने की मांग पर अड़े हुए हैं। इसके लिए वे शुक्रवार को ही रायपुर पहुंच चुके हैं।
कोरबा कलेक्टर के खिलाफ शिकायत
ननकीराम कंवर ने कोरबा कलेक्टर अजीत वसंत के खिलाफ 14 बिंदुओं पर गंभीर शिकायत दर्ज कर राज्य सरकार से उन्हें हटाने की मांग की थी। उन्होंने साफ चेतावनी दी थी कि यदि 4 अक्टूबर तक कलेक्टर को नहीं हटाया गया, तो वे धरने पर बैठेंगे।
सरकार की प्रतिक्रिया और जांच
इस बीच राज्य शासन ने कंवर के शिकायती पत्र को गंभीरता से लेते हुए बिलासपुर संभागायुक्त सुनील जैन से जांच प्रतिवेदन मांगा है। हालांकि शासन की ओर से अब तक लिखित आदेश जारी नहीं हुआ है। संभागायुक्त जैन ने भी मीडिया से बातचीत में कहा है कि जब तक शासन से लिखित आदेश प्राप्त नहीं होता, वे जांच शुरू नहीं कर सकते।
वहीं, उच्च पदस्थ सूत्रों का कहना है कि शासन की ओर से आदेश जारी किया जा चुका है और जांच प्रतिवेदन प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
कंवर का रुख
सूत्रों के अनुसार, ननकीराम कंवर सरकार के रवैए से संतुष्ट नहीं हैं। उनका कहना है कि वे पहले भी गड़बड़ी की शिकायत कर चुके हैं, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इसी कारण उन्होंने राजधानी में धरना देने का फैसला लिया है।
समर्थकों की मौजूदगी
कंवर के करीबी मानते हैं कि शनिवार को रायपुर में होने वाले उनके धरने में बड़ी संख्या में समर्थक भी शामिल हो सकते हैं। हालांकि, मीडिया ने उनसे सीधे संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उनका मोबाइल फोन बंद मिला।
