Special Trains: त्योहारों पर मिलेगी कंफर्म सीट, दीपावली और छठ में संचालित की जाएंगी स्पेशल ट्रेनें…
Special Trains
Special Trains: दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने दीपावली और छठ जैसे प्रमुख त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए कई फेस्टिवल/पूजा स्पेशल ट्रेनों का संचालन करने का निर्णय लिया है। इन ट्रेनों में यात्रियों को “पहले आओ-पहले पाओ” के आधार पर कंफर्म सीट दी जाएगी, ताकि उनकी यात्रा आरामदायक और सुविधाजनक हो सके।
बिलासपुर–हडपसर (पुणे)
गाड़ी संख्या 08265/08266 बिलासपुर-हडपसर-बिलासपुर के बीच एक फेरे के लिए चलाई जाएगी। यह ट्रेन बिलासपुर से 22 अक्टूबर को रवाना होगी और हडपसर (पुणे) से 23 अक्टूबर को लौटेगी। इसमें एसी-III और एसी-III इकॉनमी में सीटें उपलब्ध होंगी।
बिलासपुर–यलहंका
गाड़ी संख्या 08261/08262 बिलासपुर-यलहंका-बिलासपुर के बीच कुल 22 फेरों के लिए संचालित होगी। यह ट्रेन 9 सितंबर से 18 नवंबर तक हर मंगलवार को बिलासपुर से और 10 सितंबर से 19 नवंबर तक हर बुधवार को यलहंका से चलेगी। इस ट्रेन में विभिन्न तिथियों पर एसी और स्लीपर में बड़ी संख्या में बर्थ उपलब्ध कराई गई है। इसका ठहराव बिलासपुर, भाटापारा, रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, डोंगरगढ़ और गोंदिया में होगा।
दुर्ग–सुल्तानपुर
गाड़ी संख्या 08763/08764 दुर्ग-सुल्तानपुर-दुर्ग के बीच 12 फेरों के लिए संचालित होगी। यह ट्रेन 13 सितंबर से 29 नवंबर तक हर शनिवार को दुर्ग से और 14 सितंबर से 30 नवंबर तक हर रविवार को सुल्तानपुर से चलेगी। ट्रेन में एसी और स्लीपर की पर्याप्त बर्थ उपलब्ध हैं। इसका ठहराव दुर्ग, रायपुर, उस्लापुर, पेंड्रारोड, अनूपपुर, शहडोल और उमरिया में होगा।
दुर्ग–हजरत निजामुद्दीन
गाड़ी संख्या 08760/08761 दुर्ग-हजरत निजामुद्दीन-दुर्ग के बीच 8 फेरों के लिए चलेगी। यह ट्रेन 5 अक्टूबर से 23 नवंबर तक हर रविवार को दुर्ग से और 6 अक्टूबर से 24 नवंबर तक हर सोमवार को हजरत निजामुद्दीन से चलेगी। इसमें भी एसी और स्लीपर में बर्थ की सुविधा होगी।
इतवारी–जयनगर
गाड़ी संख्या 08869/08870 नेताजी सुभाष चंद्र बोस (इतवारी)-जयनगर-इतवारी के बीच 4-4 फेरों के लिए चलेगी। यह ट्रेन 16 अक्टूबर से 6 नवंबर तक हर गुरुवार को इतवारी से और 18 अक्टूबर से 8 नवंबर तक हर शनिवार को जयनगर से चलेगी। इसमें एसी और स्लीपर की बड़ी संख्या में बर्थ उपलब्ध कराई जाएगी।
त्योहारों के अवसर पर इन पूजा स्पेशल ट्रेनों का परिचालन यात्रियों को काफी राहत देगा। रेलवे ने सुनिश्चित किया है कि भीड़ के बावजूद अधिकतम यात्रियों को कंफर्म सीट मिल सके।
