गन्ना किसानों को बड़ी सौगात: भोरमदेव शक्कर कारखाना गैर-अंशधारी किसानों को भी देगा सदस्यता
कवर्धा जिले के गन्ना किसानों के लिए राहत भरी खबर है। भोरमदेव सहकारी शक्कर उत्पादक कारखाना मर्यादित ने आगामी पेराई सीजन 2025-26 से गन्ना आपूर्ति करने वाले गैर-अंशधारी किसानों को भी सदस्यता देने का निर्णय लिया है। यह कदम किसानों के हित में माना जा रहा है और इससे क्षेत्र में सहकारिता आंदोलन को मजबूती मिलेगी।
किसान संगठनों की पुरानी मांग हुई पूरी
भारतीय किसान संघ और अन्य संगठनों के साथ-साथ मुख्यमंत्री सुशासन तिहार और जनदर्शन कार्यक्रमों में भी यह मांग लंबे समय से उठाई जा रही थी। प्रबंधन ने किसानों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए फैसला किया कि जो किसान पिछले सीजन में गन्ना आपूर्ति कर चुके हैं और जो आने वाले सीजन में गन्ना देंगे, उन्हें सदस्य बनाया जाएगा।
गन्ना आपूर्ति स्थिर करने की कोशिश
भोरमदेव शक्कर कारखाना 2001 में स्थापित हुआ था और इसकी क्षमता 3,500 मैट्रिक टन प्रतिदिन है। वर्तमान में इसमें 23,476 अंशधारी सदस्य हैं, लेकिन इनमें से हर साल केवल 12,500 से 13,000 किसान ही गन्ना सप्लाई करते हैं। कारखाने को लक्ष्य पूरा करने के लिए लगभग 4.5 लाख मीट्रिक टन गन्ने की जरूरत होती है। पर्याप्त आपूर्ति न मिलने की वजह से पिछले वर्ष कारखाने को समय से पहले बंद करना पड़ा था।
